*✍️सावधान!एक परिवार हुआ लुटेरी दुल्हन का शिकार,जीजा की तबीयत खराब बताकर ससुराल से फरार हुई दुल्हन,2 लाख रुपये भी लिए…*

RGHNEWS मध्य प्रदेश में लुटेरी दुल्हन का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है. बता दें कि दमोह के रनेह थाना इलाके में रहने वाला एक परिवार लुटेरी दुल्हन का शिकार हो गया है. 25 नवंबर 2020 को रनेह के निवासी पुष्पेंद्र की शादी जबलपुर की प्रीति शर्मा से हुई थी. दोनों का विवाह कटनी के एक मंदिर में हुआ था.
पुलिस में दर्ज की शिकायत के मुताबिक, ये शादी राज दुबे, कृष्णा दुबे और सीमा दुबे ने करवाई थी. शादी के बदले तीनों ने पुष्पेंद्र से 2 लाख रुपये भी लिए थे.गौरतलब है कि शादी के करीब दो महीने बाद दुल्हन प्रीती ने बताया कि उसके जीजा की तबीयत अचानक खराब हो गई है. उसे मायके से फोन आया है. इसके बाद पुष्पेंद्र अपनी पत्नी प्रीती के साथ जबलपुर पहुंचा और सीमा दुबे के कहने पर अपनी पत्नी को वहीं छोड़ दिया. फिर पुष्पेंद्र अपने घर वापस लौट आया.इसके बाद जब कुछ दिन तक पत्नी वापस घर नहीं आई तो पुष्पेंद्र ने उसे फोन किया. लेकिन फोन नहीं मिला. फिर जब पुष्पेंद्र अपनी पत्नी से मिलने जबलपुर पहुंचा तो वह वहां नहीं मिली. पीड़ित पुष्पेंद्र ने बताया कि उसने बहुत बार अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका. उसे सीमा दुबे और राज दुबे ने धमकी दी कि चले जाओ यहां से वर्ना ठीक नहीं होगा. फिर डर के मारे पुष्पेंद्र अपने घर वापस आ गया. फिर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.