Virat Kohli: विराट कोहली पर BCCI ने लिया एक्शन, अब करनी होगी लाखों की भरपाई
Virat Kohli : कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली गुस्से में अंपायर से भिड़ गए थे. इस कारण बीसीसीआई ने उनके ऊपर कार्रवाई की है. कोहली को एक ऐसी गेंद पर आउट दिया गया जो देखने पर कमर से ऊपर की ऊंचाई वाली नो-बॉल जैसी लग रही थी. हालांकि, अंपायरों और ब्रॉडकास्टर ने फैसले को सही ठहराया. विराट ने इसे लेकर अंपायरों से बहस की थी.

मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना
बीसीसीआई ने आचार संहिता के उल्लंघन के लिए विराट पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. कोहली ने 7 गेंद पर 18 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए थे. कोहली को जब आउट दिया गया तो वह पवेलियन लौटते समय काफी नाराज थे. उन्होंने ग्लव्स मारकर डस्टबिन को गिरा दिया था. बीसीसीआई उनकी हरकतों से नाराज हुआ और इस कारण जुर्माना लगा दिया.
क्या है पूरा मामला?
विराट को आरसीबी की पारी के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर आउट दिया गया था. हर्षित राणा की फुलटॉस गेंद को विराट ठीक से नहीं खेल पाए. गेंद उनके बल्ले से लगकर गेंदबाज को हाथों में चली गई. विराट ने फुलटॉस गेंद को कमर से ऊपर होने का दावा किया. इसके लिए उन्होंने रीव्यू ले लिया. रीव्यू उनके पक्ष में नहीं आया. थर्ड अंपायर ने बताया कि कोहली क्रीज से जब बाहर थे तो हर्षित की गेंद नीचे की ओर जा रही थी. विराट इस फैसले से काफी निराश दिखे. पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने अंपायरों से जमकर बहस की. बल्ले को पटककर नाराजगी जाहिर की और मैदान से बाहर निकलने के बाद डगआउट के करीब रखे डस्टबिन को ग्लव्स से मारकर गिरा दिया. उनकी इन्हीं हरकत को देखते हुए बीसीसीआई ने जुर्माना लगाया.
डुप्लेसिस पर भी लगा जुर्माना
Virat Kohli आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस पर आचार संहिता के उल्लंघन के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इस सीजन में उनका यह पहला अपराध है. स्लो ओवर रेट का दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सजा दी गई है. आरसीबी की टीम केकेआर के खिलाफ मैच में तय समय के अंदर अपने 20 ओवर पूरा करने में नाकाम रही थी. इसका खामियाजा कप्तान को भुगतना पड़ा.

