साल के पहले ही दिन महंगा हुआ रसोई गैस सिलिंडर, जानिए कितना है दाम

तेल कंपनियां हर महीने एलपीजी सिलिंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है। इस महीने देश की ऑइल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के बगैर सब्सिडी वाले एलपीजी रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में बदलाव नहीं किया है। वहीं 19 किलोग्राम के सिलिंडर में इजाफा किया गया है।
14.2 किलो वाले सिलिंडर का दाम
आईओसीएल की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलिंडर पहले के दाम पर, यानी 694 रुपये का ही है। कोलकाता में इसका दाम 720.50 रुपये, मुंबई में 694 रुपये और चेन्नई में 710 रुपये है। मालूम हो कि 15 दिसंबर को इसकी कीमतों में 50 रुपये का इजाफा किया गया था।
सरकार देती है गैस सिलिंडर पर सब्सिडी
मौजूदा समय में सरकार एक वर्ष में प्रत्येक घर के लिए 14.2 किलोग्राम के 12 सिलिंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलिंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलिंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।
ऐसे चेक कर सकते हैं एलपीजी के दाम
रसोई गैस सिलिंडर की कीमत चेक करने के लिए आपको सरकारी तेल कंपनी की वेबसाइट पर जाना होगा। यहां पर कंपनियां हर महीने नए रेट्स जारी करती हैं। (https://iocl.com/Products/IndaneGas.aspx) इस लिंक पर आप अपने शहर के गैस सिलिंडर के दाम चेक कर सकते हैं।
चार महानगरों में इतने रुपये की हुई बढ़ोत्तरी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 17 रुपये तक बढ़ोत्तरी की गई. दाम बढ़ने से 1,332 रुपये वाला सिलेंडर 1,349 रुपये का हो गया. वहीं कोलकाता में 19 किलो वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1,387.50 रुपये से बढ़कर 1,410 रुपये पर आ गई है. यहां कीमतों में 22.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई है. यहां घरेलू गैस की कीमत 720.50 रुपये है.