CM भूपेश ने कहा- आप कांग्रेस की सरकार बनाइए, हम आपका घर बनाएंगे

रायगढ़ जिले में शुक्रवार को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आम सभा में आरोपों की बरसात के बीच असंतुष्टों को समझाइश दी। CM ने लैलूंगा विधानसभा सीट से दावेदार जयमाला सिंह, हृदयराम राठिया और सुरेंद्र सिदार को कांग्रेस प्रत्याशी विद्यावती सिदार को जिताने के लिए कहा, जिसके लिए तीनों ने हामी भरी।
इससे पहसे सीएम की सभा में बीजेपी प्रत्याशी ओपी चौधरी का मुद्दा छाया रहा। सीएम के आने से पहले रायगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश नायक ने सभा को संबोधित किया। सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के बाद उन्होंने ओपी चौधरी पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि कहर लौट आया है। ओपी चौधरी के कहर वाले बयान पर प्रकाश नायक ने हमला बोलते हुए उन पर निशाना साधा।
प्रकाश नायक ने तंज कसते हुए कहा कि 2018 के चुनाव में खरसिया से हारने के बाद ओपी चौधरी रायपुर चले गए। लोगों से साथ निभाने का जो वादा किया था, उसका क्या हुआ। अब 5 साल बाद फिर चुनाव लड़ने आए हैं। जो अपनी माटी का नहीं हो सकता, वो हमारा क्या होगा। उन्होंने कहा कि इस बार रायगढ़ में बाहरी को लोग सबक सिखाएंगे। रमन सिंह के खास लोग अडानी और अमन सिंह हैं। कहर अमन सिंह का चेला है। गलती से अगर कहरवाला जीत गया, तो समझना कि ये अडानी और अमन का आदमी है।
बता दें कि पूर्व आईएएस ओपी चौधरी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ ये दावा किया जा रहा है कि चौधरी मतदाताओं को धमकी दे हैं। ओपी चौधरी को बीजेपी ने इस बार रायगढ़ विधानसभा से अपना प्रत्याशी बनाया है।
ये है वायरल वीडियो में
वायरल वीडियो में चुनाव प्रचार करते ओपी चौधरी माइक लेकर कह रहे हैं कि “आप लोगों को मैं स्पष्ट कर दूं कि भारतीय जनता पार्टी का हिस्सा होने के कारण मैं भी बहुत पावरफुल रहूंगा। ये चीज आप लोगों को पता होनी चाहिए और मैं उन पर कहर बनकर टूटूंगा।’
इस वीडियो के साथ कैप्शन छत्तीसगढ़ी में लिखा गया है – संगवारी हो ओपी चौधरी के धमकी ल सुनव, फुल ठसन मारत हे। पहिली चुनाव ल जीत जा फेर कतना पावरफुल रहिबे तेला देखबो।
ओपी चौधरी के इसी बयान पर प्रकाश नायक ने हमला बोला है।

सभा समाप्ति के बाद जब प्रकाश नायक से पूछा गया कि क्या कांग्रेस ओपी चौधरी से डर गई है, तब उन्होंने कहा कि ओपी ने पिछला चुनाव खरसिया से लड़ा था, हारे थे, फिर भागकर रायगढ़ आए और अब यहां से हारेंगे और अगली बार नई जगह देखेंगे। उन्होंने सीएम भूपेश की तारीफ में कहा कि इससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर और कलेक्टर रहे, उन्होंने क्या किया आप जानते हैं। अब किसान का बेटा मुख्यमंत्री है, जिसने छत्तीसगढ़िया संस्कृति को बढ़ावा दिया है। जो लोग पहले छत्तीसगढ़ी बोलने से डरते थे, आज बेबाकी से बोल रहे हैं।

सीएम भूपेश बघेल ने साधा बीजेपी पर निशाना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। मंच पर आते के साथ कहा कका जिंदा है। फिर आगे कहा कि गांधी जी गोरों से लड़े थे, हम चोरों से लड़ रहे। लोगों से कहा कि आप सरकार बनाइए, हम आपका घर बनाएंगे।
ईडी-आईटी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज सड़कों पर जितने जानवर नहीं घूमते, उससे कहीं ज्यादा ईडी और आईटी वाले घूम रहे हैं। भाजपाईयों के पास मुद्दा नहीं है, इसलिए वो हमें ईडी-आईटी के नाम पर डरा रहे हैं।

भाषण के बीच में सीएम भूपेश ने नंद कुमार साय पर चुटकी भी ले ली। दरअसल वे रमन सिंह और भाजपा सरकार द्वारा आदिवासियों को ठगने की बात कर रहे थे और इसी बीच बोल पड़े कि हमारे नंद कुमार साय को बाद में समझ आया। इस साल प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जो वादा किया था वो पूरा किया, अब आपकी बारी है।
हम किसानों की कर्ज माफी करते हैं, तो बीजेपी वालों के पेट में दर्द होता है। हम बेरोजगारों को भत्ता देते हैं, तो उनको तकलीफ होती है। इसलिए ईडी वालों को हमारे पीछे लगा दिया है। हमने कुछ दिनों पहले आवास की पहली किस्त जारी की है।



