रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

नवब्याहता ने मायके में लगाई फांसी..4 माह पहले हुई थी शादी

रायगढ़, 26 अक्टूबर। शादी के महज 4 महीने बाद ही एक नवब्याहता ने मायके में चुनरी से फांसी लगाते हुए दुनिया को असमय अलविदा कह दिया। पुलिस को सुसाईड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि पति और सास परेशान करते और छत तक जाने नहीं देते थे। यह दुखद प्रसंग पुसौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस छानबीन कर रही है। घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक कुंदन गौर ने बताया कि पुसौर के ग्राम सराईपाली निवासी सावित्री चौहान (27 साल) का विवाह 4 महीने पहले यानी जून में रायगढ़ के कोतरा रोड स्थित सावित्री नगर में रहने वाले फाइनेंस कर्मचारी अजय चौहान के साथ हुआ था।

विवाहोपरांत, कुछ रोज तक सावित्री की जिंदगी खुशगवार रही, फिर पति और सास के व्यवहार में परिवर्तन आने लगा। ससुराल में नवविवाहिता की तबीयत बिगडऩे लगी तो पति ने जिम्मेदारी निभाने के बजाए पल्ला झाड़ते हुए उसे छोड़ दिया। करीब 15 रोज पहले बुखार और कमजोरी की शिकार सावित्री का इलाज कराया और ससुराल पक्ष ने उसे मायके ले जाकर छोड़ दिया। नतीजतन, नव गृहस्थ जीवन से निराश सावित्री गुमसुुम सी रहने लगी थी। बुधवार शाम सावित्री के घर के पीछे लगभग 700 मीटर दूर खेत के मेड़ स्थित पेड़ में बंधे चुनरी के फंदे पर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में लटकती लाश मिलने से सराईपाली में सनसनी फैल गई।

मृतिका के रिश्तेदार रोशन चौहान ने घटना की सूचना थाने में दी तो थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव ने मातहत स्टॉफ को भेजा। पुलिस ने पेड़ में झूलती लाश को नीचे उतरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया। इस दौरान वर्दीधारियों के हाथ एक सुसाईड नोट भी लगा है। इसमें मृतिका सावित्री ने लिखा है कि पति उसे प्यार नहीं करता था, बल्कि सास के साथ मिलकर परेशान करता है। ससुराल में उसे छत तक चढऩे नहीं दिया जाता। यही वजह है कि वह जीना नहीं चाहती है। बहरहाल, पुसौर पुलिस मर्ग कायम कर सुसाईड नोट की सत्यता की जांच करते हुए नवविवाहिता की खुदकुशी की असलियत खंगाल रही है

ख़बर शेयर करें:

Back to top button