दिल्ली ने राजस्थान को 46 रन से हराया…राजस्थान रॉयल्स को मात देकर पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल के 13वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) का विजयी सिलसिला जारी है. लीग में अपने छठे मैच में उन्होंने शारजाह में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को 46 रनों से मात दी. राजस्थान पर जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम छह में से पांच मैच जीतकर मुंबई इंडियंस को पछाड़ते हुए अंकतालिका में टॉप स्थान हासिल कर लिया है. शारजाह में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 185 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में राजस्थान केवल 138 रन ही बना पाई..
138 पर सिमट गई राजस्थान
टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए. उनके साथ ओपनिंग करने उतरे जोस बटलर केवल 13 रन बनाकर आर अश्विन का शिकार बने. पारी के तीसरे ओवर में ही वह आठ गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हो गए.
दिल्ली कैपिटल्स ने बनाए थे 184 रन
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmayer) के 45 रन और मार्कस स्टोइनिस के 39 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स को 185 रन का लक्ष्य दिया. हेटमायर ने अपनी पारी के दौरान 24 गेंद में एक चौका और पांच छक्के जड़े जबकि स्टोइनिस ने 30 गेंद में चार छक्के लगाये जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 184 रन का स्कोर खड़ा किया. राजस्थान रॉयल्स के लिये जोफ्रा आर्चर ने अच्छी शुरूआत करते हुए लगातार दो विकेट झटके और फिर अंतिम ओवर में केवल तीन रन देकर एक विकेट हासिल किया। उन्होंने 24 रन देकर तीन विकेट लिये.
सीजन का सबसे छोटा टारगेट
दिल्ली ने राजस्थान को 185 रन का टारगेट दिया। शारजाह में सीजन का यह सबसे छोटा लक्ष्य है। इससे पहले यहां खेले गए 4 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 200 से ज्यादा रन बनाए थे। इसी मैदान पर दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स को सीजन का सबसे बड़ा 229 रन का टारगेट दिया था।

