कोलकाता ने राजस्थान को 37 रन से हराया…राजस्थान रॉयल्स की पहली हार…कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिखाया गजब का खेल..

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स पर 37 रनों की बड़ी जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम ने 20 ओवर में 174 रन बनाए, जवाब में राजस्थान की टीम 137 रन ही बना सकी. राजस्थान की ये इस सीजन की पहली हार है, जबकि कोलकाता ने अपने तीन में से दूसरा मैच जीत लिया है. कोलकाता के सभी गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. वरुण चक्रवर्ती, कमलेश नागरकोटी और शिवम मावी ने 2-2 विकेट अपने नाम किये. सुनील नरेन, पैट कमिंस और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिया.
राजस्थान के बल्लेबाज फेल
शारजाह से बाहर निकलते ही राजस्थान रॉयल्स का पूरा टॉप ऑर्डर फ्लॉप हो गया. दुबई की पिच पर स्टीव स्मिथ 3, संजू सैमसन 8, रॉबिन उथप्पा 2, रियान पराग 1 रन बना सके. जोस बटलर अच्छी शुरुआत के बावजूद 21 पर निपट गए. पिछले मैच के हीरो राहुल तेवतिया भी 14 रन ही बना सके. राजस्थान रॉयल्स की ओर से सिर्फ टॉम कर्रन ने 35 गेंदों में अर्धशतक जड़ा. कर्रन ने नाबाद 54 रन बनाए.
कोलकाता की पहले बल्लेबाजी
दुबई में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. कोलकाता की टीम ने धीमी शुरुआत की. शुभमन गिल और सुनील नरेन की जोड़ी 36 रन ही जोड़ सकी. राजस्थान को पहली कामयाबी उनादकट ने सुनील नरेन को आउट कर दिलाई. नरेन महज 14 रन बना सके. इसके बाद नीतीश राणा और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े. हालांकि नीतीश राणा को राहुल तेवतिया ने 22 रन पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया. इसके बाद राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने शुभमन गिल की बेहतरीन 47 रनों की पारी का अंत किया. कप्तान कार्तिक को भी आर्चर ने 1 रन पर आउट किया. आंद्रे रसेल ने कुछ बेहतरीन शॉट खेले लेकिन उनकी पारी अंकित राजपूत ने 24 रन पर समाप्त की. कोलकाता की ओर से इंग्लैंड के कप्तान ऑयन मॉर्गन ने 23 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए और स्कोर को 174 रनों तक पहुंचाया.


