खेल

मुंबई की पहली जीत, कोलकाता को 49 रनों से हराया….कोलकाता की पारी- शुरुआत खराब…200 छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बने

अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा की 80 रनों की धमाकेदार पारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता को 49 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है. यूएई में मुंबई की ये पहली जीत है. इससे पहले ‘आईपीएल 2014’ के पहले चरण में मुंबई ने यूएई में कुल 5 मैच खेले थे और सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद आईपीएल 2020 में पहले मैच में चेन्नई के हाथों हार मिली थी. ऐसे में मुंबई के लिए यूएई में यह पहली जीत है.

मुंबई की पारी

आईपीएल 2020 के 5वें मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को दूसरे ओवर में ही बड़ा झटका लगा और क्विंटन डि कॉक 1 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए. उन्हें युवा खिलाड़ी शिवम मावी ने अपना शिकार बनाया. डि कॉक के आउट होने के बाद आए सूर्यकुमार यादव ने शुरू में ही गेंदबाजों की धुनाई शुरू कर दी. उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में संदीप वॉरियर की 6 गेंदों में से 4 को बाउंड्री के बाहर भेजकर अपनी मंशा जाहिर कर दी.

इसके बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार ने मिलकर धुंआधार बल्लेबाजी की और बोर्ड पर 99 रन लगा डाले. हालांकि, 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार रन आउट हो गए और फिफ्टी से चूक गए. उन्होंने 28 गेंदों पर 47 रनों की धमाकेदार पारी खेली.

कोलकाता की पारी- शुरुआत खराब

196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम को शुरू में ही बड़े झटके लग गए. पारी का तीसरा ओवर डालने आए ट्रेंट बोल्ट ने कोलकाता को पहला झटका दिया और शुभमन गिल को 7 रन के निजी स्कोर पर चलता किया. इससे पहले कि कोलकाता की टीम गिल के विकेट से उबर पाती, जेम्स पेटिंशन ने पारी के 5वें ओवर की 5वीं गेंद पर सुनील नरेन को आउट किया. सुनील नरेन सिर्फ 9 रन ही बना सके.

इसके बाद आए नीतीश राणा ने कप्तान दिनेश कार्तिक के साथ 46 रनों की पार्टनरशिप की लेकिन 11वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान दिनेश कार्तिक LBW हो गए. उन्हें राहुल चाहर ने अपना शिकार बनाया. दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 30 रन बनाए.

हालांकि, विकेटों के पतन का सिलसिला आगे भी जारी रहा. कोलकाता पर लगातार बढ़ रहे दबाव के बीच 12वें ओवर की चौथी गेंद पर नीतीश राणा बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में हार्दिक पंड्या को कैच थमा बैठे. उन्हें कीरोन पोलार्ड ने शिकार बनाया.

यहां 13 ओवर के खेल के बाद कोलकाता का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 82 रन था. यहां से जीतने के लिए कोलकाता को 17 रन प्रति ओवर के हिसाब से रनों की जरूरत थी.

कोलकाता की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन ही बना सकी और उसे आईपीएल 13 के अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा.

आईपीएल में रोहित के 200 छक्के

रोहित शर्मा आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले दूसरे और ओवरऑल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। क्रिस गेल 326 सिक्स के साथ टॉप पर काबिज हैं। भारतीयों में महेंद्र सिंह धोनी ने सबसे ज्यादा 212 छक्के लगाए हैं। ऐसा करने वाले वे तीसरे प्लेयर हैं। एबी डिविलियर्स 314 सिक्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button