5 राज्यों में तूफान से तबाही,अब तक 70 से ज्यादा लोगों की मौत; अमेजन का वेयरहाउस गिरने से 100 से ज्यादा लोग दबे – RGH NEWS
देश

5 राज्यों में तूफान से तबाही,अब तक 70 से ज्यादा लोगों की मौत; अमेजन का वेयरहाउस गिरने से 100 से ज्यादा लोग दबे

अमेरिका के कम से कम 5 राज्यों में शुक्रवार-शनिवार की रात में एक साथ आए कई साइक्लोन आपस में जुड़ जाने के कारण भारी तबाही मच गई है। केंटकी राज्य में ही 70 लोगों के मारे जाने की खबर है और बहुत सारे लोग अब भी मलबे के नीचे दफन हैं।

यहां सबसे ज्यादा तबाही मेफील्ड में हुई है, जिसे सभी साइक्लोन का ग्राउंड जीरो माना जा रहा है। मेफील्ड में एक मोमबत्ती फैक्टरी के गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई। इलिनोइस राज्य में अमेजन कंपनी का एक वेयरहाउस ध्वस्त हो गया है, जिसके मलबे में करीब 100 कर्मचारी दब गए हैं। इसके अलावा आर्कन्सास में एक नर्सिंग होम की बिल्डिंग ढहने से 20 लोग दब गए, जिनमें 2 की मौत हो गई।

केंटकी के गवर्नर ने कहा- राज्य के इतिहास का सबसे भयानक तूफान
केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने इस तूफान को अपने राज्य के इतिहास का सबसे भयानक तूफान बताया है। उन्होंने राज्य में आपातकाल की घोषणा कर दी है और साथ ही बताया कि रेस्क्यू टीमें इलाके में मौजूद हैं और राहत व बचाव का काम जारी है। उन्होंने कई जगह लोगों के मलबे में दबे होने की पुष्टि की है और आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या राज्य की 10 काउंटियों में 100 के पार पहुंच सकती है। केंटकी में 2 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई है।

सबसे ज्यादा तबाही मेफील्ड इलाके में, 200 मील प्रति घंटा का था तूफान
मेफील्ड शहर की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें भयानक तबाही दिखाई दे रही है। शहर के तकरीबन सभी घर ध्वस्त हो चुके हैं और जगह-जगह लोहे के खंभे आदि मुड़े हुए हैं, जो बेहद भयावह लग रहे हैं। यहां करीब 70 मील/घंटा की गति वाले तूफान से शुरुआत हुई, जो बढ़कर 200 मील/घंटा की गति तक पहुंच गया। तूफान के इस लेवल को बेहद खतरनाक की कैटेगरी में रखा जाता है।

मोमबत्ती कारखाना ध्वस्त, कैदियों की मदद से चलाया जा रहा बचाव अभियान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मेफील्ड इलाके में मोमबत्ती के कारखाने को तूफान से काफी नुकसान पहुंचा है। गवर्नर बेशियर के मुताबिक, तूफान जब फैक्ट्री से टकराया, उस वक्त इसमें करीब 110 लोग काम रहे थे। यहां कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें बचाने के लिए नजदीक ही मौजूद ग्रेव्स काउंटी जेल के कैदियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि कुछ सूत्रों ने यहां 18 शव मिलने की बात कही है, लेकिन गवर्नर ने 10 लोगों के मरने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने कुछ और लोगों की मौत की संभावना भी जताई है।

मिसौरी में 112 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं
मिसौरी में सेंट चार्ल्स और सेंट लुइस काउंटी के कुछ हिस्सों में 112 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की खबर है। सेंट चार्ल्स काउंटी के तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा ऑगस्टा और मिसौरी में कई मकानों के गिरने की रिपोर्ट है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button