30 बरस के राजनीतिक जीवन में अनेक लोगों का इलाज कराया, जो आनंद इस काम में वो कहीं नहीं – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

30 बरस के राजनीतिक जीवन में अनेक लोगों का इलाज कराया, जो आनंद इस काम में वो कहीं नहीं

रायपुर, 08 मार्च 2024

 छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने एंबुलेंस भेंट की

आज स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव जी की जयंती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को एसोसिएशन की ओर से एंबुलेंस की चाबी भेंट की । इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री जूदेव से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय श्री जूदेव से मैंने विनम्रता सीखी है। कार्यकर्ताओं के प्रति अपनापन सीखा है। उनके भीतर गहरा सेवा भाव था। मुझे भी यह सेवा भाव बहुत भाता है।
मरीजों के प्रति सेवा भाव में जो आनंद है। वह और किसी चीज में नहीं है। अपने 30 बरस के राजनीतिक जीवन में मैंने अनेक लोगों का इलाज कराया। यह मेरा सबसे बड़ा संतोष है। उन्होंने बताया कि राज्य मंत्री के रूप में एक ही बरस में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आग्रह कर प्रधानमंत्री राहत कोष से 12 करोड रुपए की राशि से मरीजों का इलाज कराया।  डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्वकाल में हर दूसरे तीसरे दिन उन्हें किसी मरीज के इलाज के लिए पत्र लिखता था। वे कहते थे कि  सबसे ज्यादा मरीजों के इलाज के लिए पत्र आपके पास से आते हैं। वे हमेशा मेरा आग्रह स्वीकार करते थे और मरीजों की इलाज के लिए तत्काल कार्रवाई कराते थे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी को महाशिवरात्रि और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव जी की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने श्री जूदेव का स्मरण करते हुए कहा कि श्री जूदेव मेरे राजनीतिक गुरु रहे और आज मैं जिस मुकाम पर हूँ वहाँ पहुंचने पर उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उनसे मैंने राजनीति सीखी, विनम्रता सीखी, कार्यकर्ताओं से किस तरह व्यवहार करना चाहिए सब सीखा। मैं आप सभी एसोसिएशन के सदस्यों को धन्यवाद देना चाहता हूँ कि आप सभी ने मरीजों की सेवा के लिए एम्बुलेंस भेंट किया है।

Related Articles

Back to top button