*✍️अगर आप भी है इस बीमारी के मरीज तो इन फलों से बना लें दूरी, शुगर लेवल करते हैं हाई….*
शरीर को सेहतमंद रखने के लिए डेली डाइट में फलों को शामिल करने की सलाह आम तौर पर दी ही जाती है. ये बात भी पूरी तरह सही है कि सभी फलों में किसी न किसी तरह का खास गुण पाया जाता है जो शरीर के लिए फायदेमंद होता है और रोगों से लड़ने में
सहायता करता है. फलों में फाइबर, एंटीऑक्सी़डेंट, पानी सहित कई तरह के पोषक तत्व होते हैं. हालांकि सामान्य लोगों की तुलना में डायबिटीज के मरीजों (Diabetes Patients) को फलों का चुनाव करने में एहतियात बरतना चाहिए. दरअसल कुछ फल ऐसे होतें है जिनमें अन्य पोषक तत्वों के साथ ही नेचुरल शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है.
आम लोगों के लिए यह जहां एनर्जी बढ़ाने का काम करती है, वहीं डायबिटीज के मरीजों के ब्लड में इससे शुगर का लेवल (Blood Sugar level) काफी बढ़ हो सकता है जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. हम ऐसे ही कुछ फलों की जानकारी दे रहे हैं जिनके सेवन से शुगर पेशेंट्स को बचना चाहिए.
आम
आम फलों के राजा के तौर पर मशहूर है. यह सभी के पसंदीदा फलों में से एक है लेकिन इसमें शुगर की मात्रा बेहद अधिक होती है. ऐसे में डायबिटीज मरीजों के लिए इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है. एक मीडियम साइज के आम में लगभग 40 से 45 ग्राम शुगर हो सकती है.
केला
केले में नेचुरल शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है इसलिए यह एनर्जी का पॉवर हाउस भी कहलाता है. एक मीडियम साइज के केले में लगभग 15 ग्राम के आसपास शुगर हो सकती है.
तरबूज
तरबूज आमतौर पर गर्मियों में मिलने वाला फल है. इसमें पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है. हालांकि इसमें नेचुरल शुगर भी होती है. ऐसे में अगर किसी को डायबिटीज है और वह तरबूज खाने का शौक रखता है तो इसका सेवन सीमित मात्रा में ही किया जाना चाहिए.
अंगूर
डायबिटीज मरीजों को अंगूर के ज्यादा सेवन से भी बचना चाहिए. एक कप अंगूर में लगभग 25 ग्राम तक चीनी हो सकती है.



