छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)
Transfer:छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 192 आरक्षकों का तबादला, 31 महिला आरक्षक और DRG जवान भी शामिल

Transfer:धमतरी जिले के पुलिस महकमे में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़े पैमाने पर आरक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत कुल 192 आरक्षकों को जिले के अलग-अलग थानों और इकाइयों में नई तैनाती दी गई है, जिससे विभाग में हलचल मच गई है।
इस तबादला सूची में 31 महिला आरक्षक और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के 17 जवान भी शामिल हैं। सभी स्थानांतरित कर्मियों को धमतरी, अर्जुनी, कुरूद, मगरलोड, नगरी, सिहावा, भखारा, रुद्री समेत विभिन्न थानों, चौकियों और रक्षित केंद्रों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि सभी कर्मियों को तुरंत प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह कदम लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे आरक्षकों को हटाने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। विभाग का मानना है कि इस बदलाव से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। हालांकि इस फैसले के बाद कुछ कर्मियों में असंतोष और चिंता भी देखने को मिल रही है, क्योंकि कई लोग लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे।
धमतरी में आरक्षकों के तबादले की पहली बड़ी सूची
गौरतलब है कि पिछले एक साल के भीतर यह धमतरी जिले में आरक्षकों के तबादले की पहली बड़ी सूची है। इससे पहले केवल सीमित स्तर पर, शिकायतों के आधार पर ही छोटे तबादले किए गए थे। इस बार व्यापक पैमाने पर की गई कार्रवाई को प्रशासनिक सुधार के रूप में देखा जा रहा है।
Transfer:विभाग ने इस बात का भी विशेष ध्यान रखा है कि स्थानांतरण का समय ऐसा हो, जिससे कर्मचारियों के परिवार, खासकर बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर न पड़े। शैक्षणिक सत्र समाप्त होने के बाद यह सूची जारी की गई, ताकि कर्मियों को नई जगह पर समायोजन में आसानी हो सके। पुलिस अधीक्षक की इस पहल को विभाग में संतुलन, कार्यकुशलता और मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इससे पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।



