*✍️RGHNEWS ब्रेकिंग:-सीएम भूपेश बघेल ने की यहां तहसील बनाने की घोषणा…..*

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी की नगरी और हम सब छत्तीगढ़ियों की पहचान है। माता रानी की कृपा से इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आएगी। मुख्यमंत्री ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मांग पर घुमका को पूर्ण तहसील बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने डोंगरगढ़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल की सुविधा के लिए आवश्यक अधोसंरचनाओं के निर्माण का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज शाम अपने निवास कार्यालय में डोंगरगढ़ के विधायक श्री भुवनेश्वर बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री नवाज खान के नेतृत्व में आए डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और समाज प्रमुखों से रूबरू चर्चा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि हमारी सरकार की यह कोशिश है, कि समाज के सभी वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने और तरक्की करने का अवसर मिले। हर परिवार एवं व्यक्ति के आय में वृद्धि हो। लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आए। उन्होंने कहा कि पौने तीन साल में सरकार की यह कोशिश सफल रही है। समाज का प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक तबका और हर परिवार सरकार की किसी न किसी योजना से लाभान्वित हो रहा है। किसानों की कर्ज माफी, सिंचाई कर की माफी, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से लेकर राजीव गांधी किसान न्याय योजना, सार्वभौम पीडीएस, लघु वनोपज एवं तेन्दूपत्ता संग्रहण, गोधन न्याय योजना और महिला समूहों के ऋण की माफी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका लाभ किसी न किसी रूप में हर परिवार को मिला है। उन्होंने इस मौके पर राज्य में चिकित्सा शिक्षा, को बेहतर बनाने के लिए कांकेर, महासमुंद एवं कोरबा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना तथा भिलाई स्थित चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अधिग्रहण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में चिकित्सा सुविधा को बेहतर बनाने और चिकत्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की पहल की गई है।



