*✍️रायगढ़ में भूस्खलन होने के कारण 44 ने गवाईं जान…70 से ज्यादा अभी भी लापता….*

नई दिल्ली . महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. रायगढ़ जिले में एक गांव के नजदीक भूस्खलन होने के कारण 44 लोगों की जान जा चुकी है. रायगढ़ के तलई गांव में लगातार हो रही बारिश से पहाड़ का मलबा गिर गया. इसके नीचे 35 घर दब गए. वहीं 70 से ज्यादा लोग लापता हो गए हैं. घटना के बाद महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लिया. कैबिनेट मंत्री बालासाहेब थोरात के मुताबिक शुक्रवार को राज्य में हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 56 लोगों की मौत हो चुकी है. उनके मुताबिक राज्य में दो दिनों में इन दुर्घटनाओं में कुल 129 मौत हो चुकी है.वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए मदद राशि का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ से प्रत्येक को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.


