*✍️प्रदेश के इन जिलों मे भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट….*

मध्यप्रदेश भोपाल:प्रदेश के रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, होशांगाबाद, रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, मुरैना, श्योपुरकलां में भारी बारिश की आशंका चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रीवा, भोपाल, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में व छतरपुर एवं टीकमगढ़ जिले में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। उज्जैन, सागर, इंदौर, होशंगाबाद एवं जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ेंगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आगामी 48 घंटे के दौरान इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
इधर, राजधानी सहित प्रदेश में अब बारिश का सिलसिला धीरे-धीरे कम होते नजर आ रहा है।
मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात के रूप में बदल गया है। साथ ही मानसून ट्रफ अब फिरोजपुर, हिसार, दिल्ली, फुरसतगंज, पटना, मालदा से होकर अरुणाचल प्रदेश तक जा रहा है। इस वजह से अब पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। विगत नौ दिन से गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, फिर कम दबाव का क्षेत्र लगातार उत्तरी मध्य प्रदेश व उसके आसपास बना रहा। इससे ग्वालियर, चंबल, सागर संभाग के जिलों में बाढ़ के हालात बन गए थे। यह सिस्टम कमजोर पड़कर वर्तमान में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में तब्दील होकर उत्तर-पूर्वी मप्र और उससे लगे दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी
सोमवार को राजधानी में सुबह से हल्की धूप खिली रही और बादल भी छाए रहे। दोपहर तक कुछ देर के लिए बादल और सूरज की आंख मिचौली चलती रही और शाम तक बारिश नहीं हुई। धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भोपाल में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-एक डिग्री अधिक दर्ज किए गए हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार को राजधानी में बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। वहीं 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



