*✍️केंद्र ने कहा हम थक चुके हैं, पर वायरस नहीं….लापरवाही ना बरते….*

नई दिल्ली. कोरोना वायरस खत्म होने से अभी काफी दूर है और पूरी दुनिया में कोविड-19 के मामले फिर तेजी से बढ़ रहे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 11 मई से कोरोना के औसत दैनिक नए मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, इसके साथ ही केंद्र ने कोरोना को लेकर लापरवाही ना बरतने की सलाह भी दी और कहा कि हम थक चुके हैं, पर वायरस नहीं.
लव अग्रवाल ने कहा, ’22 जिले हैं- केरल के 7, मणिपुर के 5, मेघालय में 3 और अन्य, जहां पिछले 4 हफ्तों में कोरोना वायरस मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है.
यह चिंता का कारण है.’ उन्होंने आगे बताया कि देश में अभी भी 62 जिले ऐसे हैं जहां रोजाना 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. ये मामले इन जिलों के स्थानीय और सीमित क्षेत्रों में सामने आए हैं.
लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना के मामलों में गिरावट की रफ्तार कम हुई है जो कि चिंता का विषय है. उन्होंने कहा, ‘साप्ताहिक औसत के लिहाज से कोविड-19 मामलों में लगातार गिरावट आई है, लेकिन अगर हम मामलों में गिरावट की दर की तुलना पहले से अब तक करें, तो इसकी कमी चिंता का विषय बनी हुई है. हम इस संबंध में राज्यों के साथ बातचीत कर रहे हैं.’



