देश

सख्त एक्शन, अब तक हटाए गए 45 हजार से ज्यादा अवैध लाउडस्पीकर

उत्तर प्रदेश में अवैध लाउडस्पीकर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना रखा है. इस कड़ी में राज्यभर में अवैध लाउडस्पीकर के खिलाफ तेजी से एक्शन हो रहा है. यूपी में शनिवार तक विभिन्न धार्मिक स्थलों से 45 हजार से ज्यादा लाउडस्पीकर हटाए जा चुके हैं.

यूपी में ताबड़तोड़ एक्शन

यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि अब तक धार्मिक स्थलों से 45773 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं. वहीं 58,861 लाउडस्पीकरों की आवाज को धीमा किया गया है. इनमें से जिन स्पीकरों को साउंड तय मानकों से ज्यादा पाया गया उन्हें हटाया गया है.

प्रशासन का कहना है कि बनैर किसी भेदभाव के सभी धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं. इससे पहले गुरुवार तक कुल 21,963 लाउडस्पीकरों को हटा दिया गया और 42,332 लाउडस्पीकरों की आवाज धीमी की गई है. यूपी में जो लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं, वे सभी अनधिकृत हैं.

योगी सरकार ने दिया था आदेश

सीएम योगी (Yogi Adityanath) ने कहा था कि हर किसी को अपनी-अपनी धार्मिक आस्था के हिसाब से पूजा और इबादत करने की आजादी है, लेकिन लाउडस्पीकर की आवाज परिसर के बाहर नहीं जानी चाहिए ताकि दूसरे लोगों को कोई परेशानी न हो. इस फैसले के बाद ही राज्य में अवैध लाउडस्पीकर पर एक्शन जारी है.

प्रदेश के गृह विभाग ने अवैध रूप से लगाए गए लाउडस्पीकर को हटाने की कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट 30 अप्रैल को मांगी है. इससे पहले गृह विभाग की ओर से स्थानीय अधिकारियों ने विभिन्न धर्मों के करीब 30 हजार प्रमुखों से बात की है.

ख़बर शेयर करें:

Back to top button