रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

श्री श्याम मंदिर के सुप्रसिद्ध ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव’ का आगाज, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने किया शुभारंभ

Raigarh News: रायगढ़। रायगढ़ नगरी धार्मिक नगरी के नाम से जाती है जहां भक्ति से परिपूर्ण श्रद्धालुओं द्वारा खास मौकों पर कई प्रकार के धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। श्री श्याम मंडल रायगढ़ द्वारा आयोजित झूला उत्सव छत्तीसगढ़ के साथ-साथ उड़ीसा प्रांत में भी प्रसिद्ध है। संजय काम्पलेक्स स्थित श्याम बगीची में 27वें ऐतिहासिक श्री कृष्ण जन्माष्टमी झृूला उत्सव 2022 बडे धूमधाम व गरिमामयी रूप से मनाया जा रहा है। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। पिछले 2 वर्षों से कोरोना काल के कारण यह आयोजन भव्यता से आयोजित नहीं हो रहा था। इस वर्ष इस श्याम मंडल द्वारा कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं। मंदिर के सामने स्थित श्री श्याम बगीची में भव्य वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण कराया गया है और श्रद्धालुओं को दिक्कत ना हो इसके लिए प्रवेश और निकास का अलग-अलग द्वार बनाया गया है। दर्शनार्थियों की आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था हेतु पंडाल के अन्दर व मंदिर परिसर में जगह जगह सीसीटीवी लगाए गए हैं। मंदिर प्रांगण के अंदर भी विभिन्न प्रकार की झांकियां बनाई गई है। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। यह पांच दिवसीय आयोजन बुधवार 17 अगस्त से सुबह 10 से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए संचालित रहेगा। शुक्रवार 19 अगस्त जन्माष्टमी के अवसर पर रात्रि 12 बजे श्री श्याम मंदिर में कृष्ण जन्म होगा। बीती शाम 17 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

*मंत्री उमेश पटेल का भव्य स्वागत*
श्री श्याम मंडल संस्था ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ करने के लिए जिले के एकमात्र सर्वमान्य नेता छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री उमेश पटेल को आमंत्रित किया है। शाम 5:00 बजे से श्याम मंदिर प्रांगण में मंत्री उमेश पटेल की एक झलक देखने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। जैसे ही मंत्री उमेश पटेल की गाड़ी मंदिर प्रांगण में एंट्री हुई, श्री श्याम मंडल के पदाधिकारियों ने श्री श्याम बाबा के जयकारों के साथ उनका भक्तिमय स्वागत किया। पंडाल में आने से पहले मंत्री उमेश पटेल ने श्याम मंदिर गए और श्याम बाबा का दर्शन कर जिलेवासियों के खुशहाली की कामना की। मंदिर से निकलने के पश्चात मंत्री उमेश पटेल, विधायक प्रकाश नायक एवं अन्य सभी अतिथियों ने पंडाल के मध्य स्थित छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर नमन किया। तत्पश्चात फीता काटकर झूला उत्सव का शुभारंभ किया।

*झांकियों को देख हर्षित हुए मंत्री उमेश पटेल*
श्री श्याम मंडल द्वारा धार्मिक और सामाजिक झांकियों द्वारा समाज को संदेश देने के लिए कोलकाता के कुमारटुली एवं दुर्ग के निमोरा गांव के मूर्तिकारों द्वारा निर्मित किए गए स्वचालित झांकियों को देख मंत्री उमेश पटेल, विधायक प्रकाश नायक व सभी अतिथिगण बेहद हर्षित हुए। झांकियों में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ महतारी, श्री गणेश वंदना, राधाकृष्ण नृत्य, श्रीकृष्ण लीला, बाल कृष्ण का माखन प्रेम, उज्जैन के राजा महाकाल की भष्म आरती, भगवान विष्णु का मोहनी रूप में देवता व असुरों सहित समुद्र मंथन, वीर हनुमान की राम भक्ति, अशोक वाटिका में माता सीता, राम-रावण युद्ध, श्री राधा कृष्ण झुला, हनुमान जी का सिन्दूर प्रेम, ब्रम्हा, विष्णु, महेश सहित देवगणों की होली उत्सव, मड़ई उत्सव, गेड़ी नाच, छत्तीसगढ़ का पारम्परिक सुवा नाच, मंदिर के अंदर चांदी का राधा-कृष्ण झूला, मथुरा के श्री बांके बिहारी दर्शन, लड्डू गोपाल का झुला आदि को दर्शाया गया है।

*प्रो. अंबिका वर्मा ने बांधा समां*
इस खास मौके पर ख्यातिलब्ध हिंदी साहित्यकार व उद्घोषक प्रोफेसर अंबिका वर्मा ने अपने मंच संचालन से पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शुभारंभ अवसर पर आगंतुक अतिथियों के विषय में उनकी वाणी से निकले धाराप्रवाह हिंदी साहित्य के शब्दों ने खूब समां बांधा। प्रोफेसर ने मंच पर ससम्मान मंत्री उमेश पटेल को मुख्य अतिथि, विधायक प्रकाश नायक को कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में आमंत्रित किया, तो वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में महापौर जानकी काटजू, नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी, श्याम मंडल के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सचिव सचिन बंसल एवं महिला इकाई को मंच पर ससम्मान आमंत्रित कर मंचासीन कराया। मंचासीन सभी अतिथियों का श्री श्याम मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

मंत्री उमेश पटेल ने अपने वक्तव्य में सर्वप्रथम शहरवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ी में उद्बोधन दिया। श्री पटेल ने श्रीकृष्ण और श्री राम के चरित्र का वर्णन करते हुए उन्हें अपना आदर्श बताते हुए कहा कि “श्री कृष्ण का जन्म विकट परिस्थितियों में जेल में हुआ। उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना कर कई जद्दोजहद किये गए। श्रीकृष्ण तो भगवान के अंश थे फिर भी उन्हें इतनी परेशानी क्यों उठानी पड़ी यह प्रश्न मेरे जेहन में हमेशा उठते रहता था। इसके उत्तर की खोज में मुझे यह समझ आया कि भगवान कृष्ण समाज को एक संदेश देना चाहते थे कि परिस्थिति कितनी भी कठिन हो अगर इंसान के अंदर लड़ने का जज्बा है तो वो बड़ी से बड़ी मुसीबत को वो पार कर जाएगा। इसी प्रकार भगवान श्रीराम ने भी समाज को एकता की शक्ति का संदेश देने के लिए वानरों को साथ लेकर रावण का अंत किया जबकि वे भगवान थे चाहते तो पल भर में रावण का अंत कर सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। श्री पटेल ने आगे कहा कि “सामाजिक सद्भावना एवं जीवन में आत्मसात करने वाले संदेशों को पहुंचाने के लिए ईश्वर हमारे बीच अवतरित हुए हैं। हर अवतार में ईश्वर का संदेश समाहित हैं। श्रीकृष्ण अवतार ने प्रेमभाव को बढ़ाने का काम किया है। शहर में दो साल तक कार्यक्रम नहीं हुआ इसके टीस आप सभी श्याम मंडल के सदस्यों में थी इसलिए इसी पीड़ा के कारण आज यह जन्माष्टमी उत्सव भव्य हुआ है। श्री पटेल ने अंत में श्री कृष्ण और राम के चरित्र को आत्मसात करने की बात कही और सभी का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी आपसी कटुता व बैर को भुलाकर प्रेम भाव से रहें। रायगढ़ का श्याम बगीची जन्माष्टमी झूला महोत्सव के कारण पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध हो चुका है”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक प्रकाश नायक ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि “आज बहुत हर्ष का दिन है क्योंकि 2 साल बाद जन्माष्टमी झांकी की शुरुआत हुई है। कोरोना काल में श्याम मंडल ने जरूरतमंदों की सेवा की है। इसकी महिला इकाई भी समाज सेवा में आगे रहती है। श्याम मंडल महज मंदिर की एक संस्था नहीं है अपितु एक सामाजिक संस्था भी है। हम वर्षो से यहां झांकी देखते आ रहे हैं। जब हम छोटे थे यहां आते थे, जब पिताजी विधायक बने तब भी आते थे आज मैं भी विधायक बना हूं तब भी आ रहा हूं। यहां की झांकी की प्रसिद्धि व ख्याति उड़ीसा प्रांत तक फैली हुई है लोगों को यहां के जन्माष्टमी उत्सव व झांकी का इंतजार रहता है।”

महापौर जानकी काटजू ने श्री श्याम मंडल के जन्माष्टमी उत्सव मेले की प्रशंसा करते हुए कहा कि “यह आयोजन अपने आप में अद्भुत है, दो साल कोरोना काल के बाद काफी कुछ बदल गया था लेकिन जन्माष्टमी के मेले से शहर में रौनक आ गई। इस आयोजन में नगर पालिक निगम आप सभी के साथ है। आयोजन की सफलता के लिए हमारे द्वारा जो बन पड़ेगा हम जरूर करेंगे।”

रायगढ़ की डायनामिक पर्सनालिटी बीजेपी नेत्री नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “श्री श्याम मंडल के जन्माष्टमी उत्सव की झांकियों ने कोरोना काल के सुनेपन को ना केवल हटाया है बल्कि इन्हें देखकर हमारे बच्चों को सनातन के बारे में जानकारी मिल रही है, वरना आजकल के बच्चों को सनातन व धार्मिक विषय के बारे में जानकारी नहीं मिलती और वे अपनी ही दुनिया में खोए रहते हैं। झांकियों को बच्चे उत्सुकता पूर्वक देखेंगे और सनातन धर्म के बारे सीखेंगे। श्री श्याम मंडल के सामाजिक सेवा कार्य में लंबी फेहरिस्त है। इन्होंने कोरोना काल में जिस प्रकार से लोगों की मदद की है उससे मैं बेहद प्रभावित हुई हूं। इस भव्य जन्माष्टमी आयोजन के लिए तथा लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले श्याम मंडल की पूरी टीम को मैं बधाई देती हूं।”

समाजसेवी भाई महावीर अग्रवाल जो श्री श्याम मंडल के प्रचार मंत्री भी हैं उन्होंने आगंतुक सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, समिति के सदस्यों तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का शानदार तरीके से आभार व्यक्त किया। भाई महावीर के कार्यों एवं वक्तव्य से मंत्री उमेश पटेल एवं विधायक प्रकाश नायक समेत मंचासीन सभी अतिथि बेहद प्रभावित हुए। श्री अग्रवाल ने मंत्री उमेश पटेल को विदा करते पुनः दर्शन हेतु आने की बात कही।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला उत्सव के उद्घाटन समारोह के अवसर पर श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल , उपाध्यक्ष अनिल केड़िया, सचिव सचिन बंसल, उप सचिव विजय बंसल, प्रचार मंत्री महावीर अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, श्याम सुन्दर अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल एवं गुलाब डालमिया, राजेन्द्र केडिया, लक्ष्मण शर्मा, शिव थवाईत, ललित बोंदिया, सुनील बंसल, राजेश केड़िया,महेश सिंघानिया, मयंक मित्तल, रामअवतार केडिया, पुरूषोत्तम अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, दीपक मित्तल, ओमप्रकाश अग्रवाल, सहित महिला इकाई के सदस्य एवं संस्था के कई सदस्य व सैकड़ों श्रद्धालु गण उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन की टीम तैनात रही।

Short link

Related Articles

Back to top button