विराट कोहली के शतक के बाद भारतीय गेंदबाजों का कमाल

cricket live विराट कोहली के शतक का सूखा खत्म हो गया है। उन्होंने एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में बेहतरीन शतकीय पारी खेली। विराट ने 61 गेंदों पर नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने 53 गेंदों पर शतक पूरा किया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। भारत की ओर से इस मैच में कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने 62 रन बनाए।
जवाब में अफगानिस्तान की बहुत ही खराब शुरुआत हुई है। 14 ओवर टीम ने 57 रन बनाए हैं और उसके 7 विकेट गिर चुके हैं। 5 विकेट भुवनेश्वर कुमार ने लिए हैं। वहीं, 1-1 विकेट अर्शदीप सिंह और दीपक हुड्डा के खाते में आया है।
2019 के बाद किंग कोहली की सेंचुरी
विराट ने करीब तीन साल (1020 दिन) बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जमाया है। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में 23 नवंबर, 2019 को अपने करियर का 70वां शतक जमाया था। यह उनका टी-20 इंटरनेशनल में पहला शतक है। विराट कोहली अब सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक जमाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी पर आ गए हैं। दोनों के नाम 71-71 शतक हैं। 100 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर सबसे आगे हैं।
- रेगुलर कैप्टन रोहित शर्मा आज नहीं खेल रहे हैं। उनकी गैरहाजिरी में राहुल कप्तानी कर रहे हैं। राहुल और विराट ओपनिंग करने आए और पहले विकेट की पार्टनरशिप में 119 रन जोड़े।
- राहुल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर शानदार छक्का लगाया, लेकिन अगली बॉल पर वो क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 2 गेंद में 6 रन बनाए।
- दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत- केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर, आर अश्विन
अफगानिस्तान- हजरतउल्लाह जजई, रहमानउल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जदरान, करीम जन्नत, नजीबउल्लाह जदरान, मोहम्मद नबी, अजमतउल्लह ओमरजाई, राशिद खान, मजीब उर रहमान, फरीद अहमद, फजलहक फारुकी -
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत लगाना चाहेगा जीत का चौका
एशिया कप में दोनों ही टीमों की एक जैसी कहानी रही है। दोनों एशियाई टीमों ने ग्रुप स्टेज में अपने सारे मुकाबले जीते थे। भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान और हांगकांग को हराया था। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज में श्रीलंका और बांग्लादेश को मात दी थी। सुपर 4 में ये टीमें अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाईं। दोनों टीमें पॉइंट टेबल में अपना खाता खोलना चाहेंगी।इंटरनेशनल टी-20 में भारत और अफगानिस्तान ने एक-दूसरे के खिलाफ कुल 3 मुकाबले खेले हैं। भारत ने इन तीनों मुकाबलों में अफगानिस्तान को हराया है।
cricket live भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी मैच 2021 टी-20 वर्ल्ड कप में खेला था। इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान को 211 रन का टारगेट दिया था। इस इनिंग में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 74 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम केवल 144 रन ही बना पाई थी। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इस मैच में 3 विकेट लिए थे।


