विधानसभा में फर्जीवाड़ा, कांग्रेस MLA के फर्जी साइन से कर दिया ये गलत काम,पढ़ें पूरी खबर

भोपाल. मध्य प्रदेश की विधानसभा में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. कांग्रेस विधायक के फर्जी साइन कर प्रश्न लगाया गया. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपी की तलाश की जा रही है. घनश्याम सिंह दतिया सेवड़ा से कांग्रेस विधायक हैं, उनका फर्जी हस्ताक्षर कर उनके नाम से विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रश्न लगाया गया. पुलिस के पास मामले की शिकायत की तो पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद अरेरा थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है.
विधायक घनश्याम सिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर दतिया की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित प्रश्न पूछा गया था. जब एक साल पहले फर्जीवाड़ा का पता चलने पर उन्होंने विधानसभा सचिव से शिकायत की. शिकायत की विधानसभा स्तर पर जांच की गई. जांच में पाया गया कि जो प्रश्न घनश्याम सिंह की तरफ से लगाना बताया जा रहा है. वह उनके फर्जी साइन के जरिए लगाया गया है. इस जांच के बाद विधानसभा ने पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए पत्र लिखा. पुलिस ने विधानसभा की जांच रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.



