रोहित की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास,टीम इंडिया के गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज ने टेके घुटने – RGH NEWS
खेल

रोहित की कप्तानी में भारत ने रचा इतिहास,टीम इंडिया के गेंदबाजों के सामने वेस्टइंडीज ने टेके घुटने

टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को तीसरे और आखिरी वनडे मैच में 96 रन से हराकर 3 मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है। मैच में वेस्टइंडीज के सामने 266 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 37.1 ओवर में 169 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। ओडीयन स्मिथ (36) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में 3-3 विकेट आए। दीपक चाहर और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले खेलते हुए भारतीय टीम 265 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। श्रेयस अय्यर (80) टॉप स्कोरर रहे, जबकि ऋषभ पंत ने भी बढ़िया 56 रन की पारी खेली। WI की ओर से जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि अल्जारी जोसेफ और हैडन वॉल्श ने दो-दो विकेट चटकाए।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार क्लीन स्वीप
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दोनों टीमों के बीच पहली वनडे सीरीज 1983 में खेली गई थी, तब से भारत एक बार भी 50 ओवर फॉर्मेट में WI के खिलाफ क्लीन स्वीप नहीं कर सका था, लेकिन रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 39 साल में पहली बार ये इतिहास भी रच दिया। हालांकि वेस्टइंडीज 3 बार टीम इंडिया के खिलाफ क्लीन स्वीप कर चुका है।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने फिर किया निराश
टारगेट का पीछा करते हुए WI की शुरुआत खराब रही और शाई होप (5) को मोहम्मद सिराज ने LBW आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अगले ही ओवर में दीपक चाहर ने चार गेंदों के अंदर ब्रैंडन किंग (14) और शमर ब्रुक्स (0) का विकेट लेकर वेस्टइंडीज की कमर तोड़कर रख दी। चौथे विकेट के लिए डैरेन ब्रावो और निकोलस पूरन ने 49 गेंदों पर 43 रन जोड़कर टीम की पारी को संभाला, लेकिन इस पार्टनरशिप को प्रसिद्ध कृष्णा ने ब्रावो (20) को आउट कर तोड़ा।

प्रसिद्ध ने अपने अगले ही ओवर में जेसन होल्डर (6) को कैप्टन रोहित के हाथों कैच आउट कराया। फैबियन एलन बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। एलन का विकेट कुलदीप के खाते में आया। कप्तान निकोलस पूरन भी टीम की पारी को नहीं संभाल सके और 39 गेंदों पर 34 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए।

  • वेस्टइंडीज की आधी टीम केवल 76 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी।
  • शमर ब्रुक्स पहली और फैबियन एलन दूसरी बार वनडे में शून्य पर आउट हुए।
  • ओडीयन स्मिथ ने 18 गेंदों पर 36 रन की तेज तर्रार पारी खेली।
  • हैडन वॉल्श और अल्जारी जोसेफ ने 9वें विकेट के लिए 77 गेंदों पर 47 रन जोड़े
  • दोनों टीमें इस प्रकार है-
    भारत
    – रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज

    वेस्टइंडीज– शाई होप (विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, डैरेन ब्रावो, शमर ब्रुक्स, निकोलस पूरन (कप्तान), जेसन होल्डर, हैडन वॉल्श, फैबियन एलन, ओडीयन स्मिथ, अल्जारी जोसेफ, केमार रोच।

  • भारतीय गेंदबाजों का कमाल 

    भारत के 265 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 169 रनों पर सिमट गई. पूरी सीरीज की तरह भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में भी कमाल का प्रदर्शन किया. टीम इंडिया की ओर से इस मैच में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 3-3 विकेट लिए. वहीं दीपक चाहर और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके. वेस्टइंडीज की ओर से ओडेन स्मिथ ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए. वहीं कप्तान निकोलस पूरन ने 34 रन की पारी खेली.

    265 पर सिमटी भारतीय पारी 

    इस वनडे में भारतीय टीम की बहुत ही खराब शुरुआत रही थी. वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने टीम इंडिया के विकेट जल्दी गिरा दिए. खासकर अल्जारी जोसेफ ने एक ही ओवर में विराट कोहली और रोहित शर्मा को शुरू में ही पवेलियन भेज दिया. विराट इस मैच में अपना खाता तक नहीं खोल पाए. कप्तान रोहित शर्मा ने 13 रन बनाए. वहीं शिखर धवन भी 10 रन बनाकर ही ओडियन स्मिथ का शिकार बन गए. हालांकि पहले तीन विकेट गिरने के बाद ऋषभ पंत और श्रेयस ने मोर्चा संभाला. अय्यर ने इस मैच में 80 रनों की पारी खेली. पंत ने भी 56 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा दीपक चाहर ने 38 और वॉशिंगटन सुंदर ने 33 रनों की पारी खेली. वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर ने 4 विकेट लिए.

     

Related Articles

Back to top button