रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

रायगढ़ में सभापति के कक्ष में घुस कर महिला पार्षद से की हाथापाई,महिला पार्षद बोलीं

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में कांग्रेस की महिला अध्यक्ष बरखा सिंह ने मर्यादा को तार-तार कर दिया। सोमवार को सभापति के चैंबर में बैठीं महिला पार्षद संजना शर्मा से हाथापाई की। इस दौरान सभापति जयंत ठेठवार ने बीच-बचाव किया, तो महिला अध्यक्ष ने गालियां देनी शुरू कर दीं। किसी तरह सभापति और अन्य पार्षद उन्हें बाहर ले गए। इसका वीडियो भी सामने आया है, लेकिन गालियां इतनी गंदी हैं कि उसे सुना नहीं सकते हैं।

दरअसल, महिला पार्षद संजना शर्मा के वार्ड में नगर निगम का दस्ता अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। पार्षद संजना शर्मा ने इसका विरोध जताया और कहा कि निगम को पहले नोटिस देना चाहिए था। इसके बाद वह नगर निगम पंहुची और सभापति को मामले की जानकारी दे रही थीं। इसी बीच महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह गुस्से में तमतमाते हुए निगम पहुंच गई। वह सभापति के चैंबर में पहुंची और पार्षद संजना शर्मा से गाली-गलौज शुरू कर दी।

सभापति ने किया बीच-बचाव, फिर भी देती रहीं गालियां
पार्षद संजना ने विरोध किया तो महिला अध्यक्ष ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। यह देखकर सभापति जयंत ठेठवार और मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन महिला अध्यक्ष शांत नहीं हुईं। उन्होंने संजना शर्मा को गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद सभापति और अन्य पार्षद महिला अध्यक्ष बरखा सिंह को किसी तरह बाहर लेकर गए। इसके बाद भी महिला अध्यक्ष गालियां देती जा रही थीं।

भाजपाइयों की शिकायत पर कब्जा हटाने पर शुरू हुआ विवाद
विवाद भाजपाइयों की शिकायत पर अतरमुड़ा इलाके में मंगलभवन के पीछे अ‌वैध कब्जे को हटाने से शुरू हुआ। BJP नेताओं ने निगम में शिकायत की थी कि नजूल जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। सोमवार को निगम की टीम में जाकर अतिक्रमण पर एक्सिवेटर चलाया और तोड़ दिया। इस पर इलाके की कांग्रेसी पार्षद संजना शर्मा ने निगम पर भाजपाइयों की शिकायत पर ज्यादा ध्यान देने और बिना नोटिस के तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष के खुन्नस की यह है असली वजह
बरखा सिंह को महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बड़ी संख्या में महिला कांग्रेसियों ने विरोध कर वरिष्ठ कांग्रेसियों की अनदेखी का आरोप लगाकर बरखा को हटाए जाने की मांग की थी। विरोध करने वालों में संजना शर्मा भी थीं। बरखा ने बताया कि अतिक्रमण की शिकायत के बाद सभापति ने ही दोनों को निगम बुलाया था। वे पहुंचीं तो संजना कक्ष में बैठी मुस्कुरा रही थी।

घटना के बाद 22 पार्षद विरोध में लामबंद
कांग्रेस के 22 पार्षद सभापति के चैंबर पहुंच गए। संजना ने कहा कि बरखा के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस्तीफा देंगी। इसके बाद देर शाम को सारे पार्षदों ने कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला को लिखित शिकायत कर महिला अध्यक्ष पर कार्रवाई करने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर दी। शाम को अध्यक्ष के साथ पार्षदों की बैठक हुई। अध्यक्ष ने दोनो पक्षों को सुनने के बाद हाईकमान से राय लेने के बाद आगे कार्रवाई की बात कही है।

महिला पार्षद बोलीं- कार्रवाई नहीं हुई तो इस्तीफा दे दूंगी
पार्षद संजना शर्मा का कहना है कि जहां अतिक्रमण तोड़ा जा रहा था उसके आगे बरखा सिंह का मकान भी बन रहा है, लेकिन मैने उसके विषय में कुछ नहीं कहा बावजूद इसके सभापति के चैंबर में आकर इस तरह का कृत्य बरखा सिंह ने किया है यह असहनीय है। कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मैं इसकी शिकायत करूंगी। अगर कार्रवाई नहीं की गई तो मैं कांग्रेस से इस्तीफा दे दूंगी।

महिला अध्यक्ष बोलीं- सिर्फ हल्की बहस हुई
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह ने गाली-गलौज होने जैसी बात से इनकार किया है। कहा कि सभापति चैंबर में संजना से हल्की बहस जरूर हुई थी, लेकिन अभद्र व्यवहार का आरोप गलत है। जिस जगह पर अतिक्रमण हटाया जा रहा था वहा मैं कोई मकान नहीं बना रही हूं।

सभापति ने कहा- अशोभनीय व्यवहार था
सभापति जयंत ठेठवार का कहना है कि संजना ने अतिक्रमण हटाने में एक रूपता से कार्य करने को निगम की टीम से कहा था। ऐसे में मेरे चैंबर में आ कर बरखा सिंह का गाली-गलौज करना अशोभनीय है। शांति से अपनी बात रखती तो आपसी सामंजस्य से निराकरण हो सकता था। इस मामले से विधायक सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button