ये है नेशनल हाई खाई वे:सालों से खराब पड़ी सड़कें कब बनेंगी, इस सवाल पर अफसरों का हमेशा एक ही जवाब-टेंडर करा दिया है, जल्द बनवाएंगे
RGHNEWS जर्जर कोतरा रोड बायपास के लिए लगभग 34 करोड़ 60 लाख का टेंडर हो चुका है। 6 महीने से अधिक वक्त गुजार दिया लेकिन एग्रीमेंट नहीं हो सका। विभाग बारिश के बाद काम शुरू होने का दावा कर रहा है। शहर के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाइवे के हिस्से पर भारी वाहनों के साथ शहरवासी भी गुजरते हैं।
फोटो देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि थोड़ी सी चूक से बाइक सवार भारी वाहनों के चपेट में आ सकते हैं। नेशनल हाइवे के अंतर्गत आने वाली कोतरा रोड बायपास की हालत खराब है। स्थिति ऐसी है कि सड़कों में छोटी गाड़ियां चलाना मुश्किल है। दो साल में तीन से अधिक बार इसकी मरम्मत करा चुके हैं। अफसर कहते हैं इस पर 3 करोड़ से अधिक खर्च हुए हैं लेकिन सड़क का नामोनिशान नहीं है।
10 कॉलोनियां, 10 हजार से ज्यादा ट्रक गुजरते हैं
सड़क के आसपास फ्रेंड्स कॉलोनी, गजानंदपुरम, विधायक निवास सहित 10 से अधिक कॉलोनियां है। इसी तरह औसतन मार्ग में 10 हजार से अधिक ट्रक और ट्रेलर रोज चलते हैं।
टेंडर हो गया है बारिश के बाद शुरू होगा काम
ढिमरापुर चौक से रेलवे फाटक होते हुए खरसिया तक नवीनीकरण के लिए लगभग 34 करोड़ रुपए का टेंडर हो चुका है। रायगढ़ से खरसिया तक सड़क का रिनुवल किया जाना है। बारिश के बाद एग्रीमेंट कर काम शुरू करेंगे।
-बीएल ध्रुव, एसडीओ, एनएच, रायगढ़



