मोदी जी ने लोगो से की अपील कहा -22 जनवरी को न आएं अयोध्या…घर पे रह कर जलाएं दिए मनाएं दीपवाली

PM MODI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 30 दिसंबर को अयोध्या पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण बहुत भाग्य से हमारे जीवन में आया है। मैं भारत के 140 करोड़ देशवासियों से हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं… जब 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम विराजमान हों, तब राम ज्योति जलाएं। दीपावली मनाएं।
उन्होंने आगे कहा कि 22 जनवरी को सभी का अयोध्या आना संभव नहीं है। यहां का पूरा कार्यक्रम हो जाने के बाद एक बार परिवार के साथ अयोध्या जरूर आएं। प्रभु राम को तकलीफ हो, ऐसा हम भक्त कभी नहीं सह पाएंगे। हमने 550 साल इंतजार किया है, कुछ दिन और करें।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी, दलित धनीराम मांझी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने चाय पी। बच्चों ने PM के साथ सेल्फी भी ली। मोदी ने अयोध्या में 8 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। रेलवे स्टेशन का नाम अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम रखा गया है।
Read more: मोदी जी की गारंटी पूरा करने मनोयोग से जुट जाएं मंत्रीगण: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
PM ने अयोध्या और अन्य स्टेशनों से चलने वाली 2 अमृत भारत और 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। 15 हजार 700 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया।
मोदी के भाषण की 5 खास बातें
1. तब रामलला टेंट में विराजमान थे, आज लगा अयोध्या सड़क पर उतर आई
22 जनवरी का पूरा कार्यक्रम हो जाने के बाद एक बार परिवार के साथ अयोध्या जरूर आएं। एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है।
आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। भारत की मिट्टी के कण-कण और जन-जन का मैं पुजारी हूं। मैं भी उतना ही उत्सुक हूं। ये उत्साह उमंग आज अयोध्या की सड़कों पर नजर आ रहा था। ऐसा लग रहा था कि पूरी अयोध्या नगरी सड़क पर उतर आई।
2. 14 जनवरी से हर छोटे-बड़े मंदिर पर स्वच्छता अभियान चले
अभी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की क्षमता 10-15 हजार लोगों की सेवा करने की है। स्टेशन का पूरा विकास होने के बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर हर रोज 60 हजार लोग आ-जा सकेंगे। 22 जनवरी की शाम पूरे हिंदुस्तान में जगमग होनी चाहिए। देशभर के लोगों से मेरी हाथ जोड़ कर प्रार्थना है कि मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी से हर छोटे-बड़े तीर्थ स्थलों पर स्वच्छता का अभियान चलाएं। प्रभु श्रीराम आ रहे हैं तो एक भी मंदिर अस्वच्छ नहीं होना चाहिए।
3. 1943 में बोस ने अंडमान में आजादी का जयघोष किया था
देश के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। आज के दिन ही 1943 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहराकर भारत की आजादी का जयघोष किया था। आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है। आज यहां ₹15,700 करोड़ की 46 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ है।
4. हर घर जल पहुंचाने के लिए 2 लाख से ज्यादा टंकियां बनवाईं
आने वाले समय में अयोध्या नगरी अवध क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे यूपी के विकास को दिशा देने वाली है। वंदे भारत और नमो भारत के बाद एक और आधुनिक ट्रेन देश को मिली है। नई ट्रेन का नाम अमृत भारत रखा गया है। इन ट्रेनों की ये त्रिशक्ति भारतीय रेलवे का कायाकल्प करने जा रही है। आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं।
5. भारत नए और पुराने दोनों को अपनाते हुए आगे बढ़ रहा
PM MODI श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में बहुत बड़ी वृद्धि होगी। इसे ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार अयोध्या में हजारों करोड़ रुपए के विकास का काम करा रही है, अयोध्या को स्मार्ट बना रही है। दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है, तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।



