मुंबई में तेज हुई कोरोना की रफ्तार, 24 घंटे में 1956 नए केस – RGH NEWS
कोरोना न्यूजदेश

मुंबई में तेज हुई कोरोना की रफ्तार, 24 घंटे में 1956 नए केस

मुंबई. मुंबई (Mumbai) में शुक्रवार को  1,956 नए कोविड केस (covid cases) सामने आए हैं. बीते 24 घंटों के दौरान शहर में एक भी मौत नहीं हुई है और 763 मरीज ठीक हो गए हैं. हालांकि यहां एक्टिव केस 9,191 हैं. यह जानकारी न्‍यूज एजेंसी एएनआई ने दी है. मुंबई में संक्रमण दर 12.74% दर्ज हुई है. मुंंबई में कोरोना को लेकर हड़कंप की स्थिति बन गई है. यहां मई के अंत के बाद से अब करीब तीन गुना अधिक केस मिल रहे हैं. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को 15 प्रतिशत केस बढ़ गए हैं.

मुंबई में गुरुवार को 1702 केस मिले थे. नगर आयुक्त इकबाल चहल ने अधिकारियों को कोविड टेस्‍ट बढ़ाने का निर्देश दिया था. बीएमसी प्रशासन का कहना है कि कोरोना केसों में अचानक से हुई तेज बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों से मास्‍क लगाने और वैक्‍सीन लेने की अपील की गई है. इसके साथ ही अस्‍पतालों और अन्‍य स्‍वास्‍थ्‍य केंद्रों में कोरोना मरीजों के लिए खास इंतजाम कराए जा रहे हैं. यहां जंबो सेंटर्स भी तैयार किए गए हैं ताकि अस्‍पतालों में बेड की कमी न हो और सभी मरीजों को इलाज मिल सके.

कोरोना केसों को देखते हुए हो रही है तैयारी 

डॉ प्रशांत मिश्रा ने बताया कि करीब 2000 बेड्स को तैयार किया जा रहा है. इन्‍हें शॉर्ट नोटिस पर भी चालू कर सकते हैं. वाशी में भी कोरोना सेंटर तैयार किया गया है, यहां अभी कुछ मरीजों को भर्ती भी किया जा चुका है. इस सेंटर में ऑक्‍सीजन बेड और आईसीयू बेड बनाए गए हैं. यहां वेंटिलेटर और अन्‍य का इंतजाम किया जा रहा है. इसी तरह बांंद्रा में भी सेंटर बनाया गया है. महाराष्ट्र में सोमवार को 1,036, मंगलवार को कोरोना के 1,881, बुधवार को 2701 और गुरुवार को 1702 नए मामले सामने आए थे.

Related Articles

Back to top button