Mahtari Vandan Yojana:महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी की तारीख बढ़ी, अब 30 जुलाई तक मिलेगा मौका

Mahtari Vandan Yojana:राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 30 जुलाई कर दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 30 जून तक पूरी होनी थी, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाओं का सत्यापन बाकी होने के कारण समय सीमा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे राजनांदगांव जिले की हजारों महिलाओं को राहत मिली है।
जिले में करीब 1.60 लाख से ज्यादा हितग्राही महिलाओं का ई-केवाईसी होना है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अब तक बड़ी संख्या में महिलाओं का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि बाकी महिलाओं को भी अब नई तारीख तक प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा।
नि:शुल्क प्रक्रिया, फिर भी शिकायतें ई-केवाईसी को लेकर कुछ जगहों से शिकायतें भी सामने आई हैं। कुछ महिलाओं ने ऑपरेटरों द्वारा पैसे लेने की बात कही है, जबकि शासन ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह मुफ्त रखा है। इसके अलावा कई गांवों में तकनीकी समस्याओं और शिविरों की कमी के कारण महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सर्वर डाउन की समस्या भी सामने आई है।
Mahtari Vandan Yojana:शिविर लगाकर पूरा होगा काम महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाकर ई-केवाईसी कराया जा रहा है। इसके लिए किसी भी तरह की फीस देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तय समय सीमा के भीतर सभी पात्र महिलाओं की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।



