Cg News: बिलासपुर से आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या रवाना

Cg News बिलासपुर में रामलला के दर्शनार्थ अयोध्या जाने वाली आस्था स्पेशल ट्रेन पायलट को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने तिलक कर रवाना किया। स्टेशन पर बाजे गाजे के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत पुष्पवर्षा कर किया। वहीं ट्रेन रवाना होने तक प्लेटफार्म पर कार्यकर्ता थिरकते और रह रह कर जयश्री राम के नारे बुलंद करते दिखे।
20 बोगियों वाली इस ट्रेन में बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, बेलतरा, लोरमी, मुंगेली, चांपा जांजगीर सहित संभाग के सभी 20 विधानसभा क्षेत्रों के 1241 कार्यकर्ता शामिल थे। हरेक बोगी तक पहुंचने के पहले श्रद्धालुओं के पहचान पत्र की जांच की गई, इसके बाद टिकट दी गई।
Read more: मुख्यमंत्री ने श्री गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्य तिथि पर उन्हें किया नमन
यात्रियों के भोजन का जिम्मा विहिप ने संभाला
ट्रेन यात्रियों के स्वागत के लिए विहिप, बजरंग दल और भाजपा के आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेदारी दी गई थी। सूची के साथ जिनके कागजात में कमी थी, उन्हें उपलब्ध कराने विहिप के कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
वहीं विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस से प्रफुल्ल शर्मा, डॉ ललित मखीजा, डॉ विनोद तिवारी ने यात्रियों के भोजन आदि की व्यवस्था स्टेशन पर की थी।
बिना टिकट किसी को प्रवेश नहीं दिया
अयोध्या स्पेशल कटनी प्लेटफार्म से रवाना हुई। यह ट्रेन यही से बनी थी, इसलिए प्लेटफार्म नंबर 7 और 8 तक पहुंचने वाले सारे रास्ते जीआरपी ने सील कर दिए थे। बिना टिकट किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। कटनी प्लेटफार्म पर सिर्फ अयोध्या स्पेशल के यात्रियों को ही टिकट देख कर जाने दिया गया।
28 फरवरी को तीसरी ट्रेन जाएगी
जिला भाजपा के महामंत्री किशोर राय ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि अयोध्या के दर्शनार्थ तीसरी ट्रेन 28 फरवरी को बिलासपुर से फिर रवाना होगी। इसमें बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इससे पहले उस्लापुर से अयोध्या स्पेशल रवाना हुई थी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु सोमवार को अयोध्या पहुंच जाएंगे और इसी दिन उन्हें रामललाल के भव्य मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
Cg News कार्यकर्ताओं का स्टेशन पर तिलक कर फूल माला स्वागत करने महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष जयश्री चौकसे, पूर्व महापौर किशोर राय, पार्षद राजेश सिंह, पूर्व पार्षद महेश चंद्रिकापुरे, व्ही रामाराव, अभिजीत मित्रा पहुंचे थे।



