बातों -बातों में न करें एंटीबायोटिक का सेवन, हो सकते हैं ये गंभीर साइड इफेक्ट्स

Antibiotics:एंटीबायोटिक्स शक्तिशाली दवाएं हैं जो हमारे शरीर को बैक्टीरिया के कारण होने वाली बीमारियों से बचाने में मदद करती हैं. जब डॉक्टर के परामर्श से एंटीबायोटिक्स दवाओं का उपयोग किया जाता है, तो ये संक्रमणों को जल्दी और प्रभावी रूप से समाप्त करती हैं, जिससे हम कुछ ही दिनों में बेहतर महसूस करते हैं. हालांकि, जब आप बिना डॉक्टर से सलाह लिए, अपने हिसाब से इनका उपयोग करते हैं, तो एंटीबायोटिक्स दवाएं न केवल निष्प्रभावी होती हैं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी हो सकती हैं. लोगों के बीच यह आम धारणा है कि अगर सामान्य बुखार, सर्दी-जुकाम है तो एंटीबायोटिक्स लेने से ठीक हो जाता है. लेकिन बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक्स लेना खतरे से खाली नहीं होता.
किस मरीज को कौन सी एंटीबायोटिक देनी है, इसका निर्धारण उपचार करने वाला डॉक्टर मरीज की शारीरिक स्थिति देखकर करता है. कई बार मरीज को एंटीबायोटिक दवाएं देना जरूरी नहीं होता. अनावश्यक रूप से लेने पर ये दवाएं शरीर के अंदर मौजूद फायदेमंद बैक्टीरिया को भी नष्ट कर देती हैं. कई मामलों में यह भी देखने को मिलता है कि एक मरीज को एक बार जो एंटीबायोटिक दी गई, दूसरी बार वह कम असर करती है या फिर असर ही नहीं करती. डब्लूएचओ के अनुसार, बिना डॉक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक दवा लेने से प्रतिरोध संक्रमण हो सकता है, जिससे मरीज को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहकर इलाज करवाना होता है.
Antibiotics:एंटीबायोटिक प्रतिरोध संक्रमण तब होता है, जब इन दवाओं के उपयोग के जवाब में बैक्टीरिया अपना स्वरूप बदल लेता है. बैक्टीरिया अपना स्वरूप तब बदलता है, जब बिना आवश्यकता के भी एंटीबायोटिक का सेवन किया जाता है. ज्यादा एंटीबायोटिक लेने पर पेट की कई बीमारियां हो सकती हैं. डॉक्टर से पूछे बिना यदि आप गलत एंटीबायोटिक ले लेते हैं, तो आपको एलर्जी भी हो सकती है, ऐसे में समस्या और विकट हो जाती है. इन दवाओं के गलत उपयोग से एंटीबायोटिक रेसिस्टेंट ऑर्गेज्मस विकसित हो सकते हैं, जिनके चलते इंफेक्शन जल्दी ठीक नहीं हो पाता है और गंभीर रूप ले सकता है



