
पानापुर चौक :- पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने महुआ-हाजीपुर सड़क मार्ग के पानापुर चौक के पास जाम कर जमकर हंगामा किया। इस भीषण गर्मी में सात घंटे तक सड़क पर रहने के बावजूद महुआ के एक भी पदाधिकारी ने ग्रामीणों की इस ज्वलत मांग पर कोई सुध नहीं ली, जिससे लोगों में काफी रोष था।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को महुआ प्रखंड क्षेत्र की कन्हौली धनराज पंचायत की वार्ड संख्या 6, 7 और 9 के सैकड़ों ग्रामीणों ने पानी की किल्लत और बिजली के लो वोल्टेज को लेकर महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क मार्ग को पानापुर चौक के पास जाम कर दिया तथा जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क जाम कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत में पानी की समस्या विकराल है। पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। इस समस्या को लेकर कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई लेकिन अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। वहीं लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या 6 और 7 में बिजली के कम वोल्टेज के कारण हर घर नल जल योजना अधर में लटकी हुई है जिसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग से की गई लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सात घंटे तक इस भीषण गर्मी में पानी की मांग को लेकर लोग सड़क पर डटे रहे ,लेकिन महुआ के एक भी पदाधिकारी जामस्थल पर नहीं पहुचे। बाद में पुलिस अवर निरीक्षक बनारस पासवान पुलिस बल के साथ जामस्थल पर पहुंचे तथा स्थानीय रविद्र कुमार, अवधेश कुमार, डा राजकिशोर राय आदि के काफी समझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। तब जाकर जाम हटा।



