धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में शासकीय अवकाश के दिन भी खुलेगा ओपीडी,
दूर वनांचल क्षेत्र के रहवासी होंगे लाभान्वित
रायगढ़। (RGH NEWS ) रायगढ़ जिले के सुदूर अनुसूचित जनजाति तथा विशेष संरक्षित अनुसूचित जनजाति बिरहोर, कोरवा पंडो निवासरत युक्त वनांचल तथा हाथी प्रभावित विकासखण्ड क्षेत्र धरमजयगढ़ मुख्यालय में संचालित सिविल अस्पताल में हर अवकाश के दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक 3 घण्टा चिकित्सा सुविधाएं अब उपलब्ध रहेगी।
उल्लेखनीय है कि छुट्टी के दिनों में ओपीडी योग्य मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था तथा दूसरे दिन ओपीडी खुलने का इंतजार करना पड़ता था। यदि एक से अधिक दिनों तक लगातार शासकीय अवकाश पड़ जाए तो मरीज गंभीर भी हो सकते है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी व सेक्टर चिकित्सा अधिकारी डॉ.खुर्शीद खान ने बताया कि सुदूर अंचल के ऐसे ही मरीजों को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिनों में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने बताया कि ब्लड एवं यूरिन टेस्ट भी नि:शुल्क किया जा रहा है। वहीं शासन की ओर से नि:शुल्क दवाईयां भी उपलब्ध करायी जा रही है।



