टीम इंडिया को 5 गलतियों के कारण मिली हार – RGH NEWS
खेल

टीम इंडिया को 5 गलतियों के कारण मिली हार

कटक. भारतीय टीम का टी20 सीरीज में खराब प्रदर्शन जारी है. साउथ अफ्रीका ने दूसरे मैच में (IND vs SA) टीम इंडिया को 4 विकेट से हराया. इसके साथ उसने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. ऐसे में भारत को अब अगर सीरीज जीतना है, तो बचे तीनों मुकाबले जीतने होंगे. तीसरा मैच 14 जून को विशाखपट्‌टनम में खेला जाना है. रविवार को कटक में खेले गए मैच में भारतीय टीम पहले खेलते हुए 6 विकेट पर सिर्फ 148 रन ही बना सकी. जवाब में साउथ अफ्रीका ने हेनरिक क्लासेन के आक्रामक 81 रन के सहारे 19वें ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला. भारतीय टीम की हार के ये 5 कारण रहे.

1-टीम ने अच्छी शुरुआत की. लेकिन 7वें से 14वें ओवर के बीच उसने 4 विकेट गंवा दिए. इस कारण बल्लेबाज दबाव में आ गए और टीम बड़ा स्कोर बनाने में असफल रही.

2-दिनेश कार्तिक को अक्षर पटेल के बाद 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया. पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि यह टीम मैनेजमेंट का गलत फैसला था. पूर्व भारतीय बैटिंग कोच संजय बांगड़ ने भी कार्तिक को अक्षर के बाद भेजे जाने के फैसले पर सवाल उठाए. कार्तिक ने अंत में 21 गेंद पर नाबाद 30 रन बनाए.

3-साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों का भारतीय बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. कैगिसो रबाडा ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन दिए और एक विकेट लिया. वहीं वेन पॉर्नेल ने भी 23 रन देकर एक विकेट झटका. एनरिक नॉर्किया को 2 विकेट मिला.

4-टीम इंडिया को भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी शुरुआत दिलाई. भारत ने पहले 6 ओवर में साउथ अफ्रीका के 3 बल्लेबाजों को आउट कर लिया था. लेकिन इसके बाद बावुमा और क्लासेन की जोड़ी टिक गई. स्पिनर्स विकेट नहीं ले सके.

5-टीम के 5वें गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए. अक्षर पटेल ने एक ओवर में 19 रन दिए. वहीं हार्दिक पंड्या ने 3 ओवर में 10 से अधिक की इकोनॉमी से 31 रन लुटाए. लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी महंगे रहे और 4 ओवर में 49 रन दिए.

Related Articles

Back to top button