छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ आ रहे हैं झारखंड के विधायक मुख्यमंत्री निवास में चल रही है बैठक

Cg news झारखंड में राजनीतिक संकट के बीच यूपीए के विधायक छत्तीसगढ़ का रुख कर रहे हैं। देर शाम अधिकांश विधायक रायपुर पहुंच जाएंगे। इसके लिए रांची से रायपुर के लिए एक विशेष विमान का इंतजाम किया गया है। इधर छत्तीसगढ़ में इन विधायकों को ठहराने और उनकी सुरक्षा आदि की व्यवस्था लगभग पूरी कर ली गई है।

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया है अभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रांची स्थित मुख्यमंत्री निवास में विधायक दल की बैठक चल रही है। इसमें लगभग सभी विधायक मौजूद हैं। यहां से विधायकों को रायपुर ले आने के लिए इंडिगो के एक चार्टर विमान को हायर किया गया है।

यह विमान रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्‌डे पर पहुंच गया है। शाम कोयह सभी विधायकों को लेकर रायपुर आएगा। यहां राज्य पुलिस के सुरक्षा घेरे में उन्हें बसों के जरिए नवा रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट ले जाया जाएगा। बताया जा रहा है कि रिसोर्ट में 30-31 अगस्त की बुकिंग की गई है।

मुख्यमंत्री की सदस्यता रद्द करने के बाद गहराया राजनीतिक संकट

दरअसल ऑफिस ऑफ प्राफिट के एक मामले में राज्यपाल रमेश बैस के पूछने पर निर्वाचन आयोग ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है। उसके बाद से वहां राजनीतिक संकट गहरा गया है। यूपीए गठबंधन को आशंका है कि भाजपा उनके विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए तोड़ने की कोशिश कर रही है। इसकी वजह से सभी विधायकों को एक साथ रखने की कोशिश की जा रही है।
सरकार के मंत्री रांची में ही रहेंगे
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन और उनकी कैबिनेट के मंत्री रांची में ही रहने वाले हैं। केवल विधायकों को रायपुर भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एक सितम्बर को राज्य मंत्रिमंडल की भी बैठक बुलाई है। उसके बाद आगे की दिशा तय होगी।

यह है झारखंड की राजनीतिक स्थिति
झारखंड विधानसभा में 81 विधायक हैं। इनमें से यूपीए गठबंधन के पास 50 विधायकों का समर्थन है। भाजपा गठबंधन के पास कुल मिलाकर 30 विधायक हैं। ऐसे में विधायकों के एकजुट रहते सत्ता परिवर्तन की गुंजाइश नहीं बन रही है। हेमंत सोरेन अब अपने 10 मंत्रियों के साथ राजधानी में रहेंगे। वहीं 39 विधायक कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में कुछ दिन रहने वाले हैं।

Cg news नवा रायपुर (अटल नगर) के झांग झील पर स्थित मेफेयर रिसोर्ट एक 5 स्टार होटल है। इस रिसोर्ट में 178 कमरे हैं। रेस्टोरेंट, स्पा के साथ यहां रेन डांस की सुविधा भी है। स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया और लाइब्रेरी भी शामिल है। मेफेयर लेक रिसोर्ट रायपुर के लग्जरी होटलों में से एक है।

Related Articles

Back to top button