छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव, पहले चरण की वोटिंग शुरू

Cg News रायपुर

छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए सभी सीटों पर वो​टिंग जारी है। 10 सीटों पर सुबह 7 से 3 और बाकी की 10 पर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया है। इस बीच सुकमा के टोडामर्का में नक्सलियों के IED ब्लास्ट करने से चपेट में आकर CRPF कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

जिन 20 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 19 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं। केवल एक राजनांदगांव सीट भाजपा के पास है। 2018 के चुनाव में दंतेवाड़ा सीट भाजपा के पास थी, लेकिन नक्सली हमले में विधायक की मौत के बाद हुए उप चुनाव में ये सीट कांग्रेस के खाते में चली गई। ऐसे ही खैरागढ़ सीट जेसीसीजे के पास थी, लेकिन उप चुनाव में इस पर भी कांग्रेस का कब्जा हो गया। कवर्धा और मोहला-मानपुर सीट पर भी अभी कांग्रेस विधायक हैं।

इन सीटों पर सुबह 7 से 3 बजे तक वोटिंग इन सीटों पर सुबह 8 से 5 बजे तक वोटिंग
मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट

इन 20 सीटों पर 233 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, मंत्री कवासी लखमा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हैं। इनके अलावा 198 पुरुष, 25 महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इस बार 40 लाख 78 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

महिलाओं के लिए संगवारी बूथ

पहले चरण के लिए 5 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। महिला वोटरों की मदद के लिए 200 संगवारी और 11 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। संगवारी बूथों पर मतदान की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं की होगी। यहां बूथ इंचार्ज, सहायक से लेकर पुलिस फोर्स से लेकर सब कुछ महिलाएं करेंगी। पिछली बार जहां जहां मतदान कम हुआ था, उसे बढ़ाने के लिए ये कदम उठाया गया है।

10-10 सीटों पर अलग-अलग समय में मतदान
Cg News 20 में से अधिकतर सीटें नक्सल प्रभावित हैं। इसे देखते हुए निर्वाचन आयोग ने वोटिंग के लिए अलग-अलग समय तय किया है। 10 सीटों पर 8 घंटे यानी सुबह 7 बजे से 3 बजे तक और बाकी की 10 सीटों पर 9 घंटे यानी सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button