छत्तीसगढ़ में पति-पत्नी सहित 4 लोग हाईवे से गायब…चारों के मोबाइल एक ही लोकेशन पर बंद

Cg News: छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर के गोविंदपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए एक ही परिवार के 4 लोग कार समेत एनएच-30 से लापता हो गए हैं, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अलग-अलग जगहों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। वहीं कार में सवार चारों लोगों के मोबाइल एक ही जगह पर बंद होने से भी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की टीम लगातार इलाके में सर्चिंग कर रही है।
कोंडागांव से सपन कुमार सरकार अपनी पत्नी रीता सरकार, उनके भाई विश्वजीत अधिकारी और अन्य रिश्तेदार हजारी लाल ढाली के साथ कांकेर शादी समारोह में आए हुए थे। ये सभी मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। शादी समारोह में शामिल होकर सभी अपनी कार से लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर दुधावा चौक पार करने के बाद जंगलवार कॉलेज के पास चारों के मोबाइल कॉल करने पर बंद बताने लगा। उसके बाद चारों का कोई पता नहीं चल सका है।
रविवार सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद से कांकेर, कोंडागांव, केशकाल की पुलिस कार सवारों को ढूंढने जॉइंट ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक चारों का कोई पता नहीं चल सका है। कांकेर एएसपी अविनाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस सभी एंगल में जांच कर रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Read more:पिंपल्स से हो चुके हैं परेशान तो तुलसी के पत्तों का यूं करें इस्तेमाल
पेट्रोल पंप में आखिरी ट्रांजेक्शन
दुधावा चौक से आगे बढ़ने के बाद सिंगारभाट स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल भी डलवाया गया । पुलिस की जांच में आखिरी ट्रांजेक्शन पेट्रोल पम्प का आया है। पुलिस पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है। जिले में इस तरह का अब तक का पहला मामला है, जिससे पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।
लूट की भी आशंका
अचानक चार लोगों के लापता होने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस सभी एंगल को ध्यान में रख जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क हादसे की आशंका को लेकर जांच की गई, लेकिन कोंडागांव व उमरकोट तक कहीं भी दुर्घटना या क्षतिग्रस्त वाहन नहीं मिला। रास्ते में भी वाहन नहीं मिला। जांच में यह बात सामने आई कि महिला करीब 3 लाख रुपए के जेवर पहनी है। इसके अलावा करीब 20 हजार नगदी है। लूट की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। शादी में उनके बाद निकलने वाले लोग व इलाके के कौन-कौन शादी में शामिल हुए इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सभी का मोबाइल रात 11 बजे से बंद
Cg News: लापता चारों का मोबाइल रात 11 बजे से जंगलवार काॅलेज के पास टावर से बंद बता रहा है। रविवार दोपहर जब बुजुर्ग हजारी लाल ढाली की पुत्री जयंती बोस ने रीता सरकार के मोबाइल पर काॅल किया तो तीन बार घंटी बजने के बाद मोबाइल बंद हो गया।
सीसीटीवी कैमरे और लोकेशन की जांच
मामला सामने आने के बाद लापता लोगों की तलाश करने टीम गठित की गई है। टीम कांकेर से कोंडागांव तक के हाईवे व अन्य रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से कार की जांच कर रही है। लापता लोगों के मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस किए जा रहे हैं।



