छत्तीसगढ़ में नई सरकार को लेकर हलचल तेज – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ में नई सरकार को लेकर हलचल तेज

छत्तीसगढ़ में बीजेपी को बहुमत के साथ ही नई सरकार को लेकर हलचल भी तेज हो गई है। भावी मुख्यमंत्री के लिए वैसे तो डॉ. रमन सिंह के नाम की चर्चा है, लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि संघ की तरफ से सीएम पद के लिए नया नाम आगे बढ़ाया गया है, जो सभी को चौंका सकता है। दूसरी तरफ, ओम माथुर, मनसुख मांडविया, नितिन नबीन विशेष विमान से रायपुर पहुंचे हैं।

वहीं, बीजेपी दफ्तर में कार्यकर्ता जश्न में डूबे हैं। रायपुर स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हैं। रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि कमल खिलने जा रहा है।

रायपुर पहुंचे बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर
नतीजों की तस्वीर साफ होते ही छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी मनसुख मांडविया और नितिन नबीन विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब किया, ये उसी का नतीजा है।

बुलडोजर पर सवार महिला मोर्चा
रायपुर के सेजबहार मतगणना स्थल पर दिलचस्प तस्वीर भी दिखी। यहां बीजेपी की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने तीन-तीन बुलडोजर मंगवा लिए। इसके बाद बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हाइड्रोलिक ब्लेक में बैठकर पार्टी का झंडा लहराती नजर आईं।

बीजेपी दफ्तर में बज रहे ढोल नगाड़े
बीजेपी को मिल रही एकतरफा बढ़त के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश हाई हो गया है। रायपुर के एकात्म परिसर कार्यालय में ढोल-नगाड़े बज रहे हैं। कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दे रहे हैं। पूरी परिसर ढोल नगाड़ों के साथ ही जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज रहा है।

 

Related Articles

Back to top button