छत्तीसगढ़ में जमकर गरजे मोदी... पढ़े क्या कहा – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ में जमकर गरजे मोदी… पढ़े क्या कहा

PM Modi in Mungeli: मुंगेली। पीएम नरेंद्र मोदी आज चुनावी दौरे में छत्तीसगढ़ के मुंगेली पहुंचे। यहां पीएम भाजपा के विजय संकल्प महारैली में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि, जिस तरह छत्तीसगढ़ में जनता का भाजपा को समर्थन मिल रहा है उससे पहले चरण में कांग्रेस पस्त और दूसरे चरण में अस्त होने जा रही है। पहले चरण के मतदान से साफ है कांग्रेस छग से जा रही है। मुंगेली में भी यही संकल्प चारों तरफ दिख रहा है। मोदी जनता की इस तपस्या को बेकार नहीं जाने देंगे। विकास के साथ इस तप को लैटाएंगे। आगे उन्होंने कहा कि, सब तरफ एक ही गूंज है, 3 दिसंबर को भाजपा आवत हे

भाजपा के आने का मतलब छग का तेज विकास है। नौजवानों के सपने पुरे होंगे। महतारी का जीवन आसान होगा। भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। आगे उन्होंने कहा कि, छग को भाजपा ने बनाया है भाजपा ही संवारेगी। कांग्रेस के जाने का काउंट डाउन शुरू हो गया है। जिन्होंने छग को लूटा उनके विदाई का वक्त आ गया है। छग की कमान अब छग के लोग सम्हालने जा रहे हैं। छग की महिलाओं, युवाओं ने ठान लिया है। कांग्रेस अब एक पल के लिए भी नहीं चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि, कांग्रेस भी समझ गई है कि अब चला चली की बेला है। कांग्रेस सरकार का बस कुछ दिन का खेला है। आने वाली देव दीपावली छग के लिए नया उत्साह और आनंद लेकर आएगी। जिन्होने छग को लूटा है वो कांग्रेस अब देव दीपावली में कहीं नजर नहीं आएगी।

आगे पीएम ने सीएम भूपेश पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि, छग में मुख्यमंत्री खुद हार रहे हैं। कांग्रेस के समर्पित पुराने लोग आज वो भी नाराज हैं उन्हें लगता है उनके साथ भी धोखा हुआ है। कांग्रेस ही है जहां ढाई ढाई साल मुख्यमंत्री का एग्रीमेंट होता है। इस बीच छग को जमकर लूटा गया। जमकर दिल्ली तक पैसा पहुंचाया गया। बेटे ने सुपर सीएम बनकर जो कारोबार चलाया है, मुख्यमंत्री का एमएलए बनना भी मुश्किल हो गया है। छग की जनता में इतना गुस्सा है।

Read more : वर्ल्ड कप 2023 के बीच ICC ने किया बड़ा ऐलान

आगे उन्होंने कहा कि, जिस कांग्रेस को गणित सीखने और सिखाने का इतना शौक है। उनसे भी सवाल है। छग में महादेव सट्टा घोटाला हुआ है, उसमें 508 करोड़ से अधिक बंटने के आरोप हैं। छापों में नोटों के ढेर पकड़े गए हैं। कई जेल में हैं। मुख्यमंत्री बताएं उन्हें इसमें कितना माल मिला। मंत्रियों को कितना माल मिला। दिल्ली में कितना माल गया। टिकट बांटने में कितना माल लगा। टिकट बेचने का ऑडियो तक वायरल हो रहा है। कांग्रेस के गणितबाज बताएं पीएससी में किस फॉर्मूले से भर्तियां हुईं। पूरा छग इस फार्मूले को जानना चाहता है। गरीब दलित पिछड़े आदिवासी समाज के माता बहनों ने भी पूछा है।

कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया था कांग्रेस ने शराब बंदी नहीं की। महिलाओं के आंखों में धूल झोंकी। सत्ता में आने के बाद शराब की होम डिलवरी शुरू कर दी। शराब में दो हजार करोड़ का घोटाला किया गया। छग की माता बहनें पूछ रही हैं उन्हें धोखा क्यों दिया गया। कांग्रेस के लोग इस घोटाले पर मुंह में ताला लगा के रखे हैं इसका उनके पास कोई जवाब नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि, मैं हवा का रुख समझ चुका हूं। भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस की विदाई होने वाली है। जब केंद्र में और राज्य में भाजपा की सरकार होती है, तब डबल इंजन की ताकत लग जाती है। तेजी से राज्य का विकास होता है। भाजपा ने जो गारंटी दी है सरकार में आने के बाद हम उसे जल्द से जल्द पूरा करके दिखाएंगे। ये मोदी की गारंटी है, मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी है।

आगे मोदी ने कहा कि, मैं छग के विकास की बात करता हूं, कांग्रेस को पसंद नहीं आता। कांग्रेस चाहती है वो छग में पैसा लुटते रहे। मोदी से कांग्रेस को खूब नफरत है। कांग्रेस मोदी के जाति से भी नफरत करती है। ओबीसी समाज तक को कांग्रेस गाली दे रही है। ओबीसी समाज के प्रति इनकी नफरत का ये बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस ने आदिवासी नेतृत्व को कभी उभरने नहीं दिया। हमने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया। कांग्रेस के नेताओं ने यहां सतनामी समाज के साथ क्या किया हमने देखा है तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस ने दलित आदिवासी किसी का सम्मान नहीं किया। आज अगर कोई गरीब है तो इसका गुनहगार कांग्रेस है। छग के बदहाली का कारण भी कांग्रेस है। कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया। इस नारे के साथ लोगों को केवल मूर्ख बनाया गया।

आगे मोदी ने कहा, एक तरफ कांग्रेस के झूठ की दुकान है। दूसरे तरफ मोदी की गारंटी है। मोदी ने जो गारंटी दी पूरी की है। आज फिर संकल्प देता हूं। गरीबों को मुफ्त चावल चना मिलता रहेगा। कांग्रेस ने चावल, राशनकार्ड में भी फर्जीवाड़ा किया। फर्जीवाड़ा भाजपा सरकार के बनने के साथ ही खत्म किया जाएगा। आगे मोदी ने कहा, राजीव गांधी के राज में दिल्ली से 100 निकलता था, 15 रुपए पहुंचता था। आज मोदी की गारंटी में 100 की दवाई 20 में मिल रही है। कांग्रेस नहीं चाहती आपको सस्ती दवा मिले। कांग्रेस ने जन औषधि केंद्रों तक को बंद कर दिया है। कांग्रेस ने जो भी आपसे छीना है, भाजपा उसे वापस लैटाएगी। भाजपा सरकार आने के बाद मुंगेली सहित अन्य क्षेत्र को भी तीर्थ पर्यटन के तौर पर विकसित किया जाएगा।

PM Modi in Mungeli आगे मोदी ने कहा कि, हम अपराध, दंगा मुक्त, आदिवासियों पर अत्याचार मुक्त सरकार देंगे। इसके लिए पूरे बिलासपुर संभाग में मोदी की गारंटी को लेकर जाना है। आगे मोदी ने कहा काम करो सौ टक्का तो कक्का का जाना पक्का है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित बिलासपुर और मुंगेली के भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button