चुनाव के समय ही मंदिर जाते हैं राहुल गांधी – RGH NEWS
देश

चुनाव के समय ही मंदिर जाते हैं राहुल गांधी

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी को चुनाव के वक्त ही मंदिर जाते हैं। हम तो पांच साल हिंदुओं के लिए काम करते हैं। हिंदू मतलब भारतीय से है। कांग्रेस हिंदुओं से प्यार नहीं करती। उन्होंने ये बातें बिलासपुर में एक सभा के दौरान कही।

नामांकन रैली और सभा में शामिल होने से पहले बिस्वा ने कहा कि पांच साल के राज में कांग्रेसी नेताओं ने जमकर लूट मचाई है। पैसा तो इनके पास ही है, तभी तो ईडी और आइटी के छापे भी इनके ठिकानों पर पड़ रहे हैं।

नामांकन रैली व जनसभा में असम के मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील।
नामांकन रैली व जनसभा में असम के मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील।

कांग्रेस के नेताओं को खुद सामने आकर संपत्ति का ब्योरा देना चाहिए और ईडी और आईटी की जांच में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का पूरा पैसा कांग्रेसियों के पास है। एक भाजपा कार्यकर्ता का घर देखिए और कांग्रेस कार्यकर्ता का घर देखिए, नेताओं का हलफनामा देखिए, किसकी ज्यादा प्रॉपर्टी है। देश का काला धन कांग्रेस नेताओं के पास है। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा के नेता गरीब हैं।

छत्तीसगढ़ में बनेगी भाजपा की सरकार- बिस्वा

हिमंत बिस्वा ने कहा कि मैं तीन बार छत्तीसगढ आ चुका हूं और पूरी तरह यकीन हो गया है छत्तीसगढ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किसानों की कर्ज माफी की घोषणा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पांच साल सरकार चलाने के बाद भी किसानों की हालत में सुधार नहीं हुआ। किसानों को लोन लेने की जरूरत ही क्यों पड़ती।

मुख्यमंत्री को ठीक चुनाव के समय ही किसानों की कर्ज माफी की घोषणा क्यों करनी पड़ी। इसका मतलब भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है कि छत्तीसगढ़ में किसानों की हालत सही नहीं है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किसानों को धान का समर्थन मूल्य दो हजार रुपए देने की वकालत करते हुए कहा कि बघेल सरकार 600 रुपये देती है तो फिर दो हजार रुपए कौन देता है।

यह तो उसी तरह हो गया कि कोई गाड़ी खरीदने के लिए दो हजार दे रहा है और उसमें हॉर्न लगाने के लिए 600 रुपए कोई और दे रहा है। 600 रुपये देने वाला कह रहा है कि गाड़ी उसकी है।

नामांकन रैली में भीड़ जुटाकर भाजपा ने दिखाई ताकत।
नामांकन रैली में भीड़ जुटाकर भाजपा ने दिखाई ताकत।

अधिकारी-कर्मचारियों को दी समझाइश- निष्पक्ष होकर करें काम

मुख्यमंत्री सरमा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कई सरकारी अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ता बनकर काम कर रहे हैं। हम उनसे कहना चाहेंगे कि वे आचार संहिता का पालन करें और निष्पक्ष रूप से काम करें अन्यथा भारतीय जनता पार्टी ऐसे अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग जाएगी। केंद्र सरकार भी ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

नामांकन रैली में भाजपा ने दिखाई ताकत

जिले की छह विधानसभा के उम्मीदवारों ने नामांकन रैली के साथ नाम निर्देशन पत्र जमा किया। सभा के दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा की सरकार बनाने के लिए 17 नवंबर को मतदान पर्व में जनता हिस्सा लें और विकास विरोधी भ्रष्ट भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित लक्ष्य से आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान आज भी कर्ज़ मे डूबे हैं। जब कर्ज़ माफी करना ही था तो बजट में इसकी घोषणा क्यों नहीं की। सीजीपीएससी में नौकरी लगाने के नाम पर प्रदेश के युवाओं से कांग्रेस सरकार ने सारी नौकरी लूट ली। यह किसान और विकास विरोधी सरकार है। मोदी सरकार की डबल इंजन वाली सरकार बनाए तभी छत्तीसगढ़ का विकास होगा।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई अंबालिका साहू का किया स्वागत।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई अंबालिका साहू का किया स्वागत।

बिलासपुर में 21 दावेदारों ने जमा किया नामांकन

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के चौथे दिन गुरुवार को 21 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही 18 लोगों ने निर्धारित शुल्क जमा कर नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन दाखिल करने वालों में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से शैलेष पांडेय, अमर अग्रवाल, उज्वला कराडे, ट्विंकल मौर्य, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से नवीन कुमार साहू, विजय केशरवानी एवं रामकुमार सूर्यवंशी, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र से धर्मजीत सिंह, मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से दाऊराम रत्नाकर, दिलीप लहरिया, उमेश कुमार भार्गव एवं धरमदास भार्गव, कोटा विधानसभा क्षेत्र से प्रबलप्रताप सिंह जूदेव, तरुण कुमार साहू, उस्मान खान, पंकज जेम्स, अपराजिता मंडल, बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से सियाराम कौशिक, जसबीर सिंह चावला हेमचंद मिरी, रविप्रसाद यादव ने नामांकन दाखिल किया। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से धरमलाल कौशिक एवं कोटा विधानसभा क्षेत्र से नंदकिशोर राज ने दोबारा नामांकन दाखिल किया।

विधानसभावार निर्धारित शुल्क जमा कर नाम निर्देशन पत्र लेने वालों में तखतपुर से जयचंद कश्यप, संतोष कौशल, मोहनलाल मिश्रा, दिलीप अग्रवाल, गीता राम साहू, बिल्हा से सागर निषाद, राजेश कुमार शर्मा, श्याम सुंदर कौशिक, नेहा भारती, बिलासपुर से महेन्द्र प्रताप सिंह राणा, श्रद्धा सैमसन, बेलतरा से जेठू साहू, विकास कुमार धीवर गौतम प्रसाद साहू व मस्तूरी से रामनाथ जीतपुरे, लक्ष्मण टंडन, उत्तरा कुमार जोशी एवं बाबी पात्रे शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button