केशुभाई के महासंकल्प का एक हिस्सा बनना सौभाग्य का विषय, भव्य बनेगा भवन : प्रकाश नायक – RGH NEWS
रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

केशुभाई के महासंकल्प का एक हिस्सा बनना सौभाग्य का विषय, भव्य बनेगा भवन : प्रकाश नायक

▪️ *अच्छे कार्यों में सबका सहयोग जरूरी, गुरुकुल क्षेत्र की पहचान है : दिलीप पाण्डेय*

RGHNEWS,10फरवरी2022,रायगढ़।पुसौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुरंगा में आर्ष गुरुकुल आश्रम ऋषि मल्लिका चतुर्भुज धर्मार्थ ट्रस्ट के माध्यम से स्कूल तथा आदिवासी वनवासी विद्यार्थियों के लिए कई वर्षों से छात्रावास का संचालन करता आ रहा है। तुरंगा गुरुकुल आश्रम आचार्य राकेश के कुशल दिशा-निर्देशन में क्षेत्र के बच्चों को संस्कार व शिक्षा का जोत जला रहा है तो वहीं वैदिक शिक्षा तथा सनातन धार्मिक कार्यों के लिए सतत् प्रयासरत रहते हुये राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहा है।

*जाने केशु भाई गोटी के 208 भवन निर्माण के महासंकल्प के बारे*
विदित हो कि गुजरात प्रांत के सूरत निवासी केशु भाई गोटी के मन में एक ऐसे विचार ने जन्म लिया जिसे धरातल पर उतारने के लिए अच्छे-अच्छों को कई बार सोचना पड़ जाता है। केशु भाई ने मात्र तीसरी तक शिक्षा हासिल की है लेकिन उनकी सोच उच्च शिक्षा हासिल कर चुके लोगों को भी पीछे छोड़ रही है। केशु भाई भले ही पढ़ाई में आगे नहीं बढ़ पाए लेकिन व्यापार में उन्होंने काफी उन्नति की है और सफल उद्यमी बनकर कई लोगों के लिए मिसाल बने हैं। केशु भाई की दूरदर्शी सोच, राष्ट्र निर्माण में सहयोग देने की लालसा व दरियादिली के कारण आज समाज में उनका नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। बताया जाता है कि केशु भाई के मन में एक दिन खयाल आया कि कोई भी विद्यालय भवन के अभाव में बंद नहीं होना चाहिए और बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होना चाहिए इसलिए केशु भाई गोटी ने अभावग्रस्त संस्थाओं में 208 छात्रावास भवन निर्माण करवाने का संकल्प लिया है। भवन निर्माण में केशु भाई स्वयं लागत की 80% राशि का सहयोग कर रहे हैं तथा इनकी संस्था से 20% राशि की अपेक्षा है वो भी इसलिए कि जब किसी निर्माण में खुद का सहयोग होता है तो अपनेपन के अहसास होता है। केशु भाई का यह संकल्प आज 208 भवनों में परिणत हो गया है और अनेक आदिवासी तथा अभाव विभिन्न विद्यालयों में छात्रावास भवन बनकर तैयार हो गया है कई जगह निर्माणाधीन है।

*तुरंगा गुरुकुल आश्रम में हुआ भूमिपूजन*
केशुभाई गोटी के 208 भवन बनाने के महान संकल्प की पूर्ति हेतु इस वृहद योजना में ट्रस्ट के माध्यम से एक छात्रावास भवन आर्ष गुरुकुल आश्रम तुरंगा में भी बनना सुनिश्चित हुआ है। इस शुभकार्य की शुरुआत हेतु गत दिवस 9 फरवरी 2022 को आश्रम में भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। जहां बतौर मुख्यअतिथि कैबिनेट मिनिस्टर उमेश पटेल, कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक व विशिष्ट अतिथि के तौर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सदस्य दिलीप पाण्डेय की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है। आश्रम में भवन निर्माण का भूमि पूजन किया गया है। जल्द ही हम सब मिलकर इसका शिलान्यास करेंगे और भवन निर्माण में अपना योगदान देंगे। केशुभाई ने 208 भवन बनाने का संकल्प लिया है यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। मंत्री श्री पटेल ने पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से केशु भाई को धन्यवाद प्रेषित किया। आगे श्री पटेल ने कहा कि जब मैं स्कूली बच्चों से मिलता हूं तो मुझे महसूस होता है कि जर्जर भवन होने पर बच्चों का पढ़ाई में मन नहीं लगता है और अच्छा स्कूल भवन हो तो बच्चों का पढ़ाई में मन लगा रहता है। इस कारण हम जर्जर स्कूलों को बनवाने का काम रहें हैं। मंत्री श्री पटेल ने कहा जब आप कोई अच्छा काम करते हैं तो हर कोई उससे जुड़ता है और उनसे सहयोग भी मिलता है। शासन की तरफ से संस्था के लिए हम हर जरूरी सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लोकप्रिय विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि जब यह आश्रम शुरू हुआ था तब बहुत छोटे रूप में था अब यह वृहद गुरुकुल परिसर बनने की ओर अग्रसर है। केशु भाई गोटी जी ने 208 भवन निर्माण का महाअभियान रखा है उसमें से एक भवन तुरंगा गुरुकुल में बन रहा है यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। गुरुकुल के भवन निर्माण में सबका सहयोग मिल रहा है इस वजह से यह भवन भी भव्य बनेगा। आचार्य राकेश तुरंगा को अपना कर्मभूमि बनाकर क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कारों से सींच रहे हैं तो वहीं अपने ज्ञान से क्षेत्र को प्रकाशित कर रहे हैं इसलिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।
विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सदस्य दिलीप पाण्डेय ने सहयोगीयों का भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा की सहयोग लेना और सहयोग देना दोनों ही अत्यंत कठिन कार्य है परंतु जहां पर अच्छे कार्य होते हैं वहां सभी लोग अपना सहयोग प्रदान करते हैं। आचार्य राकेश व आश्रम के सभी सहयोगियों के कारण तुरंगा गुरुकुल आश्रम पुसौर क्षेत्र की पहचान बन चुकी है।
इस अवसर पर राजस्थान से पधारे प्रदेश सभा के मंत्री आचार्य वर्धन शास्त्री तथा आचार्य कोमल कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए सभी समाजसेवियों से आग्रह किया कि ऐसे कार्यों के लिए हर किसी को आगे आकर सहयोग करते हुए देश निर्माण में स्वयं का अहम योगदान देना चाहिए।
भूमिपूजन समारोह में पुरुषोत्तम भाई, जयराम भाई एवं माता मल्लिका गुप्ता जी संस्था के अध्यक्ष किशन लाल अग्रवाल, मंत्री मानी, पुसौर नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश थवाईत, पुसौर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशील भोई, उपाध्यक्ष गोपी चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनधि रोहित पटेल, ईश्वर, डॉक्टर रामकुमार पटेल, घनश्याम पटेल, तेज राम गुप्ता, तहसीलदार पुसौर नंदकिशोर सिन्हा, जनपद सीईओ सीईओ नितेश उपाध्याय, टीआई गिरधारी साव व ग्राम के अनेक समाजसेवी, माताएं-बहनें, बच्चे, बुजुर्ग व मीडिया के साथीगण भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button