आरईएस कार्यालय परिसर में चली गोली-एक ठेकेदार ने दूसरे पर चला दी गोली, मच गई हड़कंप


Jaspur news जशपुर। जिला मुख्यालय जशपुर के आरईएस कार्यालय परिसर में गुरूवार शाम गोली चलने से हड़कंप मच गया। कार्यालय परिसर में विवाद एवं मारपीट के बाद एक ठेकेदार ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली चलाने वाले ठेकेदार को लोगों ने पकड़ लिया, जिससे गोली हवा में चल गई। दूसरी बार भी ठेकेदार ने गोली चलाने की कोशिश की। घटना की सूचना पर एसपी डी. रविशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ठेकेदार सहित दो को हिरासत में ले लिया है।
घटना शाम करीब छह बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के दुल्दुला थाना क्षेत्र के पतराटोली निवासी ठेकेदार रविंद्र गुप्ता और शहर के बिरसामुंडा चौक निवासी ठेकेदार चंदन गुप्ता के बीच लंबे समय से लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आज शाम दोनों ठेकेदारों को आरईएस कार्यालय जशपुर में आमना-सामना हो गया। परिसर में दोनों ठेकेदार आपस में उलझ गए। विवाद के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर लात और घूसे चलाए। इस दौरान ठेकेदार रविंद्र गुप्ता ने जेब से पिस्टल निकाल लिया। रविंद्र गुप्ता ने जब तक गोली चलाई, पास मौजूद लोगों ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया। इस कारण उनका निशाना चूक गया और गोली हवा में चल गई। उन्होंने दूसरी बार भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन वह पकड़ लिए जाने के कारण दुबारा गोली नहीं चला सका।
Read more: महिला समृद्धि सम्मेलन: मुख्यमंत्री ने दी 309.56 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात
*पहुंचे एसपी व पुलिस अधिकारी-*
Jaspur news: गोली चलते ही आरईएस कार्यालय में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर जशपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जशपुर एसपी डी.रविशंकर सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ठेकेदार रविंद्र गुप्ता और उनके वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली थाने में पुलिस अधिकारी रविंद्र गुप्ता से पूछताछ कर रहे हैं। फिलहाल एफआईआर करने की जानकारी नहीं मिली है।



